भास्कर संवाददाता| खंडवा जनसुनवाई में अपनी समस्या बताने के लिए मंगलवार को शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोग कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। लोगों की शिकायत सुनने के बाद एडीएम केआर बड़ोले और अपर कलेक्टर अरविंद चौहान ने अफसरों को निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान शंकर नगर की महिलाओं ने पानी की समस्या बताई। लीलाबाई, शकुंतला बाई, विनिता बाई और पिंकी बाई ने बताया लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है। अभी गर्मी के बीच पानी की एक-एक बूंद के लिए रहवासी तरस रहे हैं। पिछले कई हफ्तों से जल आपूर्ति बाधित है। इस बार स्थिति गंभीर है न तो नलों में पानी आ रहा है और न ही निगम टैंकर भेज रहा है। इसी तरह हरसूद-खालवा क्षेत्र की स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने गणवेश सिलने के बाद भी भुगतान नहीं मिलने की शिकायत की। समूह की मनीषा चौहान, मीना हरणे, ज्योति कर्मा और ममता बाई ने बताया ने बताया सत्र 2022-23 और 2023-24 में किए गए कार्य का 25% भुगतान पिछले दो वर्षों से अटका हुआ है। नियमों के मुताबिक, कुल राशि का 75% भुगतान कर दिया था। होटल में अनैतिक गतिविधियां चलाने का लगाया आरोप मूंदी के एक होटल में अनैतिक गतिविधियों की शिकायत महिलाओं ने जनसुनवाई में की। इसमें उन्होंने नप के कर्मचारी पर आरोप लगाते हुए कहा कि केनूद रोड पर देवश्री होटल है, जिसका मालिक देवेंद्र राठौर हैं, वह नप मूंदी में शासकीय कर्मचारी भी है।


