हनुमान मंदिर में प्रतिमा से चांदी की 8 आखें चोरी:कौशांबी में चोरों ने 10 किलो का घंटा भी चुराया, पुलिस जांच में जुटी

हनुमान मंदिर में प्रतिमा से चांदी की 8 आखें चोरी:कौशांबी में चोरों ने 10 किलो का घंटा भी चुराया, पुलिस जांच में जुटी

कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के पंचमुखी हनुमान मंदिर में बेखौफ चोरों ने भगवान प्रतिमा में लगी 8 चांदी की आंखे चुरा ली। इसके साथ ही 10 किलो का घंटा भी चुरा ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। बताया गया कि गांव के बाहर तालाब किनारे स्थित इस मंदिर के पुजारी भोलेंद्र प्रतिदिन की तरह रविवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। उन्होंने मंदिर का सामान अस्त-व्यस्त देखा, जिसके बाद उन्हें चोरी का पता चला। जांच करने पर मंदिर से घंटा और हनुमान जी की प्रतिमा में लगी चांदी की 8 आंखें गायब मिलीं।
पुजारी ने तत्काल कोखराज पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोखराज इंस्पेक्टर सीबी मौर्य ने बताया कि पुलिस टीम जांच के लिए पहुंची थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि चोरी के आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की तलाश कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *