मंडला जिले के नैनपुर थाना अंतर्गत पिंडरई चौकी क्षेत्र के ग्राम बिजेगांव में थावर नदी पर बने डेम में एक व्यक्ति डूब गया। दूसरे दिन भी उसका पता नहीं चल सका है। पिंडरई पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है, लेकिन अब तक लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिला है। ससुराल जा रहे थे, कैलाश झुलपुर घाट पर नहाने लगे पिंडरई चौकी प्रभारी राजकुमार हिरकने ने बताया कि यह घटना शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। ग्राम बिजेगांव निवासी कैलाश उइके (50) उर्फ चमरा, पिता मेरसिंह, अपनी पत्नी के साथ ग्राम झुलपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। नदी पार करने के बाद कैलाश झुलपुर घाट पर नहाने लगे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। किनारे पर मौजूद उनकी पत्नी और अन्य लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वे पानी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पिंडरई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की। बाद में मंडला से एसडीईआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। रविवार सुबह से एसडीईआरएफ और पुलिस की टीम द्वारा डेम में एक बार फिर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक लापता व्यक्ति का कोई पता नहीं चल सका है और सर्च ऑपरेशन जारी है।


