Ahmedabad श्यामल चार रास्ता के निकट इमारत में भीषण आग, फंसे हुए 50 लोगों को सुरक्षित निकाला

Ahmedabad श्यामल चार रास्ता के निकट इमारत में भीषण आग, फंसे हुए 50 लोगों को सुरक्षित निकाला

Ahmedabad: शहर के श्यामल चार रास्ता स्थित शांग्रीला आर्केड की इमारत में सोमवार को भीषण आग लग गई। सुबह करीब 10:15 बजे ग्राउंड फ्लोर पर लगी आग तेजी से फैलकर चौथे मंज़िल तक पहुंच गई। धुएं और लपटों के बीच लगभग 50 लोग अंदर फंस गए थे। फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि धुएं के कारण चार महिलाएं बेहोश हो गईं, जिन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। ये महिलाएं आग के धुएं के प्रभाव से बेहोश हुई थीं।राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग की चपेट में इमारत में लगी एटीएम मशीन और बाहर की तरफ पार्क कुछ वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

फायर विभाग ने आग पर काबू पाने के लिए 38 वाहनों और 138 स्टाफ को लगाया। इसमें वाटर बाउज़र, मिनी फाइटर, फर्स्ट रिस्पॉन्डर गाड़ियां, एम्बुलेंस, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और टर्न टेबल लेडर जैसी आधुनिक मशीनरी शामिल रही। मौके पर 68 फायरमैन, 39 ड्राइवर, 9 स्टेशन ऑफिसर और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्राथमिक जांच में पता चला कि आग की शुरुआत बैंक के बाहर लगे इलेक्ट्रिक नेम डिस्प्ले बोर्ड से हुई थी, जो तेजी से फैलकर ऊपर तक पहुंच गई। हालांकि स्पष्ट कारणों का पता लगाया जा रहा है।

समय रहते कार्यवाही से बड़ी दुर्घटना टली

स्टेशन फायर ऑफिसर एम.जे. सोलंकी के अनुसार सुबह लगभग 10.20 बजे फायर विभाग को आग की सूचना मिली थी। विभाग की ओर से तुरंत नियंत्रण पाने की कोशिश की, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। आग का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। किसी भी तरह की जनहानि की जानकारी नहीं है। आग पर काबू पा लिया गया है और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *