MP Horror Crash: मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में हुए इस भीषण हादसे के बारे में जिसने भी सुना वो हैरान हो गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गई। आंचलखेड़ा गांव के पास एक टवेरा और अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक ही परिवार के 5 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर रविवार और सोमवार की दरमियानी रात आंचलखेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार टवेरा और अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज और चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर आए। अंधेरे के बावजूद जैसे-तैसे घायलों को बाहर निकाला गया।
हादसा रात दो बजे के करीब हुआ। तेज रफ्तार टवेरा वाहन में सवार सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने बुधनी गए थे। वहां से अपने गांव महेंद्रवाड़ी लौट रहे थे। तभी आंचलखेड़ा के सामने अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से क्रासिंग के दौरान वाहन की टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि टवेरा के परखच्चे उड़ गए।
पांच की मौत
टवेरा की टक्कर ट्रैक्टर ट्रॉली से होते ही घटनास्थल पर ही पांच लोगों ने दम तोड़ दिया था। जबकि टवेरा में फंसे बाकी लोगों को जैसे-तैसे बाहर निकाला गया। हादसे के तुरंत ही बाद ग्रामीणों ने सबसे पहले घायलों को बाहर निकाला। ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल पुलिस और एंबुलेंस वाहन भी पहुंच गया था। जब सभी को अस्पताल ले जाया गया तो डाक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज किया जा रहा है। इन घायलों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों के नाम
शुभम मोरप्पा पिता सुखराम (18), निवासी महेंद्रवाड़ी,. विनीत यादव पिता मोहन यादव (22), निवासी महेंद्रवाड़ी, साहिल यादव पिता हरगोविंद यादव (19), निवासी महेंद्रवाड़ी, हरि सिंह पिता गणेशराम यादव (57), निवासी महेंद्रवाड़ी और संतोष प्रजापति पिता मंगल सिंह प्रजापति निवासी ठाकुर मोहल्ला, माखननगर की मृत्यु हो गई।
घायलों के नाम
अमन यादव, पिता केशव प्रसाद यादव (20), विनोद उइके पिता भोलाराम उइके (22), भारत यादव पिता दामोदर यादव (23), आकाश इवने पिता मुन्नालाल इवने (25), देवांश इवने पिता राम गोपाल इवने (15), सुमित, पिता सुखराम मोरप्पा (20), निवासी ग्राम महेंद्रवाड़ी, थाना माखन नगर और राजेश धुर्वे पिता राम भरोस धुर्वे (35) निवासी ग्राम ताकू, थाना केसला निवासी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। सभी की हालत गंभीर बताई गई है।


