Online Traffic Challan Noida 2026: नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी किस कदर की जा रही है, इसका अंदाजा ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों से लगाया जा सकता है। इस साल 1 जनवरी से लेकर 15 मई तक (कुल 135 दिनों में) ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रिकॉर्ड तोड़ कार्रवाई की है। इस अवधि में हर दिन औसतन करीब 9 हजार वाहनों के चालान काटे गए हैं, जिनमें सबसे बड़ी संख्या बिना हेलमेट बाइक दौड़ाने वालों की है।
135 दिनों में 11.84 लाख चालान
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 1 जनवरी से 15 मई के बीच नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कुल 11,84,317 चालान जारी किए गए। यानी औसतन हर दिन 8,741 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई। ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा 5,49,553 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर काटे गए। इसके अलावा 1,08,449 चालान ओवरस्पीडिंग, 1,06,688 नो-पार्किंग, 88,417 रॉन्ग साइड ड्राइविंग और 33,145 रेड लाइट जंप के मामलों में जारी किए गए। आंकड़े बताते हैं कि दोपहिया चालकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में कार चालक भी यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिसके चलते पुलिस अब बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।
लाइसेंस होगा सस्पेंड और रद्द
ट्रैफिक नियमों की लगातार हो रही इस अनदेखी पर डीसीपी (ट्रैफिक) अभय कुमार मिश्रा ने वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बार-बार नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ अब नरमी नहीं बरती जाएगी। डीसीपी के मुताबिक, जो लोग बार-बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके ड्राइविंग लाइसेंस को तुरंत सस्पेंड (निलंबित) कर दिया जाएगा। यदि सस्पेंशन की अवधि के दौरान भी वह व्यक्ति नियमों को तोड़ता हुआ पकड़ा जाता है, तो उसका लाइसेंस हमेशा के लिए रद्द (Cancel) करने की सिफारिश परिवहन विभाग से की जाएगी।
स्टंटबाजों और ब्लैक फिल्म वाली गाड़ियों पर नकेल
नोएडा ट्रैफिक पुलिस केवल चालान काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले स्टंटबाजों और कार के शीशों पर नियमों के खिलाफ ब्लैक फिल्म (काली पन्नी) चढ़ाकर घूमने वालों पर भी लगातार नकेल कस रही है।


