हरियाणा के 3 जिलों में 2 इंच से ज्यादा बारिश:आज 7 जिलों में तेज बरसात के आसार; 8 सितंबर से फिर कमजोर होगा मानसून

हरियाणा के 3 जिलों में 2 इंच से ज्यादा बारिश:आज 7 जिलों में तेज बरसात के आसार; 8 सितंबर से फिर कमजोर होगा मानसून

हरियाणा में मानसून का दौर लगातार जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज क्षेत्र में सर्वाधिक 57.5 मिमी, गुरुग्राम में 51.5 मिमी और पंचकूला में 50.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यानि 2 इंच से ज्यादा बारिश यमुनानगर, गुरुग्राम और पंचकूला में हुई है। इसके कारण इन इलाकों में जलभराव हो गया। यहां दिनभर ट्रैफिक जाम की समस्या रही। आज मौसम विभाग ने यमुनानगर व आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 7 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में हल्की से मध्यम दर्ज की बारिश होने के आसार हैं। वहीं कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी में मौसम शुष्क बना रहेगा। 8 सितंबर के बाद कमजोर होगा मानसून हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, प्रदेश में अभी बादलवाही के साथ उत्तरी और दक्षिणी जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट, जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। किसानों को सलाह दी गई है कि बारिश का दौर थमने तक फसलों में सिंचाई और कीटनाशकों का छिड़काव न करें। साथ ही, खेतों में जलभराव से बचने के लिए जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… दिन का पारा 1.6 डिग्री तक गिरा : मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में बीते दिन की तुलना में 1.6°C की गिरावट दर्ज की गई, जो सामान्य से 1.7°C नीचे रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 35.2°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं, दिन भर हुई बारिश और बादलवाही के चलते गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 27.0°C, नूंह में 27.4°C, रेवाड़ी में 26.5°C और फरीदाबाद में 29.2°C रहा। अंबाला में 32.4°C, हिसार में 34.3°C, करनाल में 30.5°C अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। पंचकूला की रात रही सबसे ठंडी : प्रदेश में औसतन न्यूनतम तापमान में 0.8°C की हल्की गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान पंचकूला में 23.7°C दर्ज किया गया। वहीं नारनौल में 24.0°C, महेंद्रगढ़ में 24.9°C, बावल में 24.9°C, अंबाला में 25.1°C, गुरुग्राम में 25.2°C, करनाल में 25.3°C, रोहतक में 25.8°C, हिसार में 26.0°C, भिवानी में 25.0°C, सिरसा में 26.2°C और नूंह में 26.8°C दर्ज किया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *