हरियाणा के उत्तरी इलाकों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। आज उत्तर-पूर्वी हरियाणा के जिलों पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत में कई स्थानों (50% से 75% क्षेत्रों) पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा यमुनानगर और कुरुक्षेत्र व आसपास के इलाकों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दक्षिण और मध्य हरियाणा के जिलों जैसे हिसार, जींद, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह और पलवल में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 20 अगस्त तक हरियाणा में सामान्य से 17% कम बारिश हुई है। कल तक एक्टिव रहेगा मानसून
कल 23 अगस्त को उत्तर-पूर्वी जिलों पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल में तेज बारिश जारी रहेगी। हालांकि, पूरे राज्य में मानसून बेअसर रहेगा। 24 अगस्त को बारिश की गतिविधियों में गिरावट आएगी।
दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा के जिले पूरी तरह शुष्क रहेंगे। केवल कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत और सोनीपत में छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। 25 अगस्त को केवल पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का अनुमान है।
24 घंटे में कैथल और महेंद्रगढ़ में बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक बारिश कैथल में सबसे ज्यादा 39.0 मिमी और महेंद्रगढ़ में 30.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पानीपत में 9.0 मिमी, रोहतक में 5.5 मिमी, फतेहाबाद में 2.5 मिमी, रेवाड़ी व करनाल)में 1.0 मिमी बारिश हुई। वहीं गुरुग्राम (0.5 mm), इंद्री (0.5 mm), पलवल (0.5 mm), रोहतक (0.5 mm) और सोनीपत (0.5 mm) में भी हल्की फुहारें पड़ीं। जानिए कैसा रहा दिन और रात का तापमान… 36.6°C के साथ हिसार प्रदेश में सबसे गर्म : राज्य में औसतन अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.6°C की मामूली गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। बीते 24 घंटों में हरियाणा का सबसे अधिक तापमान हिसार में 36.6°C दर्ज किया गया। इसके अलावा नारनौल में 36.5°C, फरीदाबाद, नूंह, पलवल और चरखी दादरी में 36.2°C, भिवानी और सिरसा में 36.0°C तक पारा पहुंचा। वहीं, बारिश और बादलों के प्रभाव से कैथल (31.8°C), करनाल (32.1°C), कुरुक्षेत्र (32.3°C), पंचकुला (32.3°C) और यमुनानगर (32.4°C) में दिन का तापमान काफी कम रहा। 24.0°C के साथ नारनौल में रही सबसे ठंडी रात : प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 0.3°C की हल्की बढ़ोतरी देखी गई, जो कि सामान्य स्तर के करीब है। हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 24.0°C दर्ज किया गया। इसके विपरीत, रात के समय सबसे अधिक तापमान फरीदाबाद (28.5°C), गुरुग्राम (28.3°C), करनाल (28.1°C), रोहतक (28.0°C) और चरखी दादरी (27.9°C) में दर्ज हुआ। कैथल में रात का पारा 24.5°C रहा, जहां 2.7°C की गिरावट आई।

