मेरठ प्रीमियर लीग 2026 के बारहवें दिन खेले गए मुकाबले में स्पार्टन क्लब टोपखाना ने इंटरनेशनल फुटबॉल अकादमी को 4-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच की शुरुआत से ही स्पार्टन टीम ने आक्रामक अंदाज अपनाया और पूरे मुकाबले में विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। तेज रफ्तार खेल और लगातार अटैक ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। स्पार्टन की ओर से अक्षय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 28वें और 43वें मिनट में लगातार दो गोल दागे। पहले हाफ में ही 2-0 की बढ़त लेने के बाद टीम का आत्मविश्वास और मजबूत हो गया। दूसरे हाफ में क्षितिज ने 66वें मिनट में बेहतरीन गोल कर बढ़त को 3-0 कर दिया। इसके बाद 80वें मिनट में डिफ्लेक्शन के चलते इंटरनेशनल फुटबॉल अकादमी की ओर से ओन गोल हो गया, जिससे स्पार्टन की जीत 4-0 के बड़े अंतर में बदल गई। इंटरनेशनल फुटबॉल अकादमी ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन स्पार्टन की मजबूत डिफेंस और बेहतरीन तालमेल के सामने उनकी एक नहीं चली। पूरे मुकाबले में स्पार्टन टीम का दबदबा साफ नजर आया। आयोजकों ने बताया कि गुरुवार शाम 5 बजे अजैक्स फुटबॉल क्लब और मेरठ स्पोर्टिंग के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा, जिसे लेकर फुटबॉल प्रेमियों में खासा उत्साह है। देखिए मैच की 2 तस्वीरें


