सिवनी में किन्नरों से भरी 2 बसें पुलिस ने रोकी:आपत्ति जताई, कुछ देर के लिए सड़क पर बैठे; पूछताछ के बाद जाने दिया

सिवनी में किन्नरों से भरी 2 बसें पुलिस ने रोकी:आपत्ति जताई, कुछ देर के लिए सड़क पर बैठे; पूछताछ के बाद जाने दिया

सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस ने वाहनों की जांच के दौरान किन्नर समाज के लोगों से भरी दो बसों को रोक लिया। बसों में बड़ी संख्या में किन्नर सवार थे। बसों को अचानक रोके जाने पर मौके पर मौजूद किन्नरों ने आपत्ति जताई और कुछ देर के लिए सड़क पर बैठ गए, जिससे यातायात बाधित हो गया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों और किन्नर समाज के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हुई और बसों को आगे जाने की अनुमति दे दी गई। पुलिस कर रही थी चेकिंग जानकारी के अनुसार, किन्नर समाज के लोग महाराष्ट्र से दो बसों में सवार होकर सिवनी जिले के पलारी क्षेत्र की ओर जा रहे थे। कान्हीवाड़ा में पुलिस ने नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान, दोनों बसों में बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोगों को देखकर पुलिस ने वाहनों को रोककर पूछताछ शुरू की। अधिकारी ने क्या बताया? कान्हीवाड़ा थाना प्रभारी संतोष पन्द्रे ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि किन्नर समाज के लोग पलारी के पास स्थित एक परिवार से मिलने जा रहे थे। पिछले वर्ष उनके समाज के एक सदस्य का निधन हो गया था। उसी सिलसिले में समाज के लोग मृतक के परिजन से मिलने और सामाजिक परंपरा के अनुसार मुलाकात करने पलारी जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, बसों को किसी विशेष कार्रवाई के तहत नहीं रोका गया था। यह नियमित वाहन जांच का हिस्सा था, जिसमें यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण पूछताछ की गई थी। पुलिस और किन्नर समाज के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत के बाद स्थिति स्पष्ट हुई और दोनों बसों को उनके गंतव्य की ओर जाने दिया गया। घटना के दौरान थाना परिसर के सामने कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को सामान्य किया। इसके बाद दोनों बसें अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गईं। मामले में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *