सिरसा एसपी दीपक सहारन के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने शनिवार रात सिरसा अनाज मंडी में दबिश दी। पुलिस ने जुआ खेलते हुए 8 लोगों को रंगे हाथ पकड़ा। पुलिस ने मौके से 96300 रुपए की जुआ राशि और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ शहर थाना में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप सिंह ने बताया कि उनकी टीम गश्त कर रही थी और बाल्मीकि चौक सिरसा में मौजूद थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि अनाज मंडी में सार्वजनिक रूप से जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और 8 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रजत पुत्र सुभाष चंद्र (निवासी लक्की तालाब मोहल्ला वाल्मीकि चौक सिरसा), नरेंद्र पुत्र सुभाष चंद्र (निवासी नजदीक रामदेव मंदिर प्रेम नगर सिरसा), राजिंद्र कुमार पुत्र रामचंद्र (निवासी सिरसा), कृष्ण लाल पुत्र नाथूराम (निवासी वार्ड नंबर 22 गोशाला मोहल्ला सिरसा), अनिल पुत्र ओमप्रकाश (निवासी जनकल्याण कॉलोनी बेगू रोड सिरसा), अशोक कुमार पुत्र देश राज (निवासी वार्ड नंबर एक छतरगढ़ पट्टी सिरसा), सौरभ पुत्र मदनलाल (निवासी वार्ड नंबर 12 प्रीत नगर बेगू रोड सिरसा) और ताराचंद पुत्र लख राम (निवासी कंगनपुर कॉलोनी सिरसा) के रूप में हुई है। नेटवर्क खत्म करना पुलिस की प्राथमिकता सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी ने कहा कि जिले में अवैध धंधा करने वालों और अपराधियों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं जुआ, नशा या अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना मिले तो बिना किसी डर के पुलिस को बताएं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

