प्रयागराज में पन्नी के नीचे छिपा था विशाल कोबरा:रेस्क्यू का वीडियो वायरल, अंकित टार्जन ने सुरक्षित निकाला; देखने जुटी भीड़

प्रयागराज में पन्नी के नीचे छिपा था विशाल कोबरा:रेस्क्यू का वीडियो वायरल, अंकित टार्जन ने सुरक्षित निकाला; देखने जुटी भीड़

प्रयागराज के अरैल मोड़ के पास फूल मंडी क्षेत्र में शनिवार को एक घर की कच्ची छत पर पन्नी और खपड़ों के नीचे एक विशाल कोबरा दिखाई दिया। सांप देखकर घरवाले घबरा गए। आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इस घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया। सांप काफी देर तक छत पर छिपा रहा। इसके बाद लोगों ने सर्प रेस्क्यूअर अंकित टार्जन को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की हिदायत देते हुए बचाव अभियान शुरू किया। वीडियो में दिखाई देता है कि सांप टीन की छत पर रखी पन्नी के नीचे छिपा था। अंकित टार्जन ने स्नेक हुक की मदद से पन्नी को सावधानी से हटाया और सांप को बाहर निकाला। कोबरा के बाहर आते ही आसपास मौजूद लोगों में उत्सुकता बढ़ गई। हालांकि, रेस्क्यूअर लगातार लोगों से दूरी बनाए रखने और सांप को छेड़ने या नुकसान पहुंचाने से बचने की अपील करते रहे। बचाव अभियान के दौरान सांप को काबू करने के बाद उसे एक सुरक्षित कंटेनर में रखा गया। कंटेनर में हवा के लिए छोटे-छोटे छेद भी किए गए, ताकि सांप को कोई परेशानी न हो। अंकित टार्जन ने लोगों को सांप के बारे में जानकारी देते हुए इसे इंडियन स्पेक्टेकल्ड कोबरा (नाजा नाजा) बताया। उन्होंने कहा कि यह जहरीली प्रजाति है और खतरा महसूस होने पर हमला कर सकती है। कोबरा अक्सर चूहों, छिपकलियों और मेंढकों की तलाश में रिहायशी इलाकों के आसपास पहुंच जाते हैं। बचाव पूरा होने के बाद कोबरा को सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सर्प रेस्क्यूअर की तेज कार्रवाई और सावधानी की सराहना की। लोगों से अपील की गई कि घर के आसपास कबाड़, पन्नी या ऐसी जगहें न बनने दें जहां सांप छिप सकें। सांप दिखाई देने पर खुद पकड़ने या मारने के बजाय प्रशिक्षित रेस्क्यूअर की मदद लें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *