सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र में मजनूवाला रोड पर स्थित आजाद भारत फर्नीचर हाउस में रविवार सुबह करीब 7:30 बजे आग लग गई। आग भूतल पर रखे फर्नीचर से शुरू होकर पहले फ्लोर तक फैल गई। शोरूम से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग लगने की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड यूनिट देवबंद को तुरंत मौके पर भेजा गया। ड्यूटी के लिए सहारनपुर आई फायर ब्रिगेड यूनिट हापुड़ को भी बुलाया गया। फायर कर्मियों ने देखा कि आग शोरूम के भूतल पर रखे फर्नीचर में लगी थी और लपटें पहले फ्लोर तक पहुंच चुकी थीं। आग ज्यादा फैलती देख फायर ब्रिगेड यूनिट बेहट रोड, सहारनपुर को भी मदद के लिए बुलाया गया। मौके पर पहुंची टीमों ने बिना देर किए पाइप बिछाकर पानी डालना शुरू किया। आग और धुएं की स्थिति को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में फायर कर्मियों ने बीए सेट (ब्रीदिंग अपरेटस सेट) पहनकर शोरूम के अंदर प्रवेश किया। कर्मियों ने धुएं और तेज लपटों के बीच काफी कोशिश के बाद भूतल पर लगी आग पर काबू पाया। इसके बाद उन्होंने सीढ़ी की मदद से पहले फ्लोर तक पहुंचकर वहां लगी आग को भी बुझाया। काफी प्रयासों के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। फायर ब्रिगेड की जल्दी कार्रवाई से आग को आसपास की दुकानों और दूसरे हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई। हालांकि, आग की चपेट में आने से शोरूम में रखा फर्नीचर और दूसरा सामान जल गया, जिससे काफी नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों और हुए आर्थिक नुकसान का पता लगाया जा रहा है।

