संभल के चंदौसी में ‘कल्कि संभल’ फिल्म की शूटिंग शुरू हो गई है। यह फिल्म संभल के इतिहास पर आधारित है। पहले दिन एसएम डिग्री कॉलेज में अदालत का सेट लगाकर दो वकीलों के बीच हुई बहस का दृश्य फिल्माया गया। यह बहस संभल के एक विवादित धार्मिक स्थल से संबंधित थी। मंगलवार को संभल जिले के चंदौसी स्थित एसएम डिग्री कॉलेज में फिल्म का सेट तैयार किया गया। फिल्म निर्माता अमित जानी और निर्देशक भारत एस श्रीनेत ने पूजा-अर्चना के साथ शूटिंग का शुभारंभ किया। कॉलेज के एक बड़े हॉल में अदालत का सेट बनाया गया था। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा, वहीं निर्माता अमित जानी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के चार जवानों और दो कमांडो की सुरक्षा में मौजूद थे। शूटिंग के उद्घाटन के दौरान भाजपा और सपा के नेता भी उपस्थित रहे। यह फिल्म जानी फायरफॉक्स स्टूडियो के बैनर तले बन रही है। मंगलवार शाम 3:30 बजे फिल्म का पहला दृश्य फिल्माया गया, शाम 07 बजे फिल्म सूट का कार्यक्रम जारी रहा। इसमें हिंदू और मुस्लिम पक्ष के वकीलों की भूमिका निभा रहे कलाकारों ने संभल हिंसा पर बहस की। एसएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दानवीर यादव ने जज की भूमिका निभाई। यह फिल्म संभल में वर्ष 1978 में हुई हिंसा, संघर्ष और उससे उपजी त्रासदी को दर्शाएगी। फिल्म के पहले पोस्टर में दो मुख्य खलनायक दिखाए गए हैं। इनमें ‘अब्बाजान’ हैं, जिन पर 1978 में राजनीतिक लाभ के लिए दंगे भड़काने का आरोप है। दूसरे उनके पोते ‘भाईजान’ हैं, जिन पर 2024 में संभल में हिंसा भड़काने का आरोप है। बॉलीवुड अभिनेता महेश मांजरेकर ‘अब्बाजान’ की भूमिका में दिखेंगे, जबकि विजय राज ‘भाईजान’ का किरदार निभाएंगे। रजनीश दुग्गल ‘बनवारी लाल गोयल’ की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म के दूसरे पोस्टर में ‘नवाब साहब’ का किरदार बॉलीवुड अभिनेता अन्नू कपूर निभाएंगे। एसपी अर्जुन बिश्नोई की भूमिका एक प्रसिद्ध अभिनेता द्वारा निभाई जाएगी, जिनकी पहचान अभी गोपनीय रखी गई है। जल्द ही उनके नाम का खुलासा किया जाएगा।


