संगरूर के उब्बावाल रोड पर सब्जी मंडी के पास रात करीब 10:30 बजे स्कूटर और कार की टक्कर के बाद विवाद हो गया। बहस के दौरान कार में सवार एक व्यक्ति कथित तौर पर पिस्तौल लेकर बाहर आया और दो फायर कर दिए। इनमें से एक गोली लवली नाम के युवक की गर्दन के पास से गुजर गई। लवली के मुताबिक वह अन्य लोगों के साथ विवाद शांत कराने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। आरोप है कि वह नशे की हालत में था और हथियार के बल पर लोगों को गालियां देने के साथ उन्हें पकड़ने की कोशिश भी कर रहा था। फायरिंग करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लवली ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़ितों का आरोप है कि फायरिंग करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसे छोड़ दिया गया। उनका यह भी कहना है कि पुलिस ने उलटा उन पर तलवारें दिखाने का आरोप लगाया। पीड़ितों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर फायरिंग करने वाले आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

