ग्वालियर में गोला का मंदिर चौराहा स्थित शराब दुकान के पास शनिवार रात पदमपुर खेरिया गांव के 45 वर्षीय किसान सुघर सिंह राठौर की पत्थर से सिर और चेहरा कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने उन्हें घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। CCTV फुटेज में एक संदिग्ध युवक सुघर सिंह के साथ शराब पीते और बाद में हाथापाई करते दिखा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। बीज खरीदकर गांव भिजवाया था पुलिस के अनुसार, पदमपुर खेरिया निवासी सुघर सिंह (45) पुत्र देवीसिंह राठौर शनिवार को खेतों के लिए आलू का बीज खरीदने ग्वालियर शहर आया था। बीज खरीदने के बाद उसने किसी परिचित के माध्यम से बीज गांव भिजवा दिया, लेकिन खुद किसी काम से शहर में ही रुक गया था। लहूलुहान हालत में मिला किसान शनिवार देर रात करीब 12 बजे गोला का मंदिर चौराहा स्थित शराब दुकान के पास सुघर सिंह लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। उसके सिर और चेहरे पर भारी पत्थर से कई वार किए गए थे। मौके पर खून से सना पत्थर भी मिला। गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल भिजवाया, जहां रविवार सुबह डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। CCTV में युवक से हाथापाई पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। एक फुटेज में सुघर सिंह के साथ एक अज्ञात युवक शराब पीते दिख रहा है। थोड़ी देर बाद दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई भी नजर आ रही है। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद में युवक ने पत्थर से हमला कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश कर रही है।

