धौलपुर के सैंपऊ थाना क्षेत्र के मानसिंह का नगला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने मायके वालों को बिना बताए गुपचुप तरीके से बाजरे के खेत में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मायके पक्ष ने इसे हत्या बताते हुए पति समेत ससुराल के अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। यह घटना सोमवार देर रात की है। मायके पक्ष को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक चिता पूरी तरह जल चुकी थी। मृतका की पहचान चरनदेई के रूप में हुई है। उसकी मां बाड़ी के किरी मोहल्ला निवासी रामो देवी ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि करीब 15 साल पहले चरनदेई (35) की शादी मानसिंह का नगला निवासी नरेश कुशवाहा से हुई थी। रामो देवी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही नरेश उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। वह शराब के नशे में भी चरनदेई को पीटता था। मां का कहना है कि बेटी की हत्या करने के बाद ससुराल वालों ने बिना पीहर पक्ष को बताए बाजरे के खेत में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी अमित कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। ससुराल पक्ष ने मायके वालों को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। मायके पक्ष की रिपोर्ट पर पति समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर मामले का जल्द खुलासा कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो चिता से नमूने लेकर जांच करेगी।

