मैहर जिले में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। अमरपाटन-मुकुंदपुर मार्ग पर बना गऊ घाट पुल पानी में डूब गया है। इसके चलते पुलिस और प्रशासन ने इस रास्ते पर आवाजाही बंद कर दी है। गऊ घाट पुल के डूबने की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुल के दोनों तरफ कचरा वाहन लगाकर बैरिकेडिंग की गई। लोगों को पुल पार करने से रोका गया। अमरपाटन से मुकुंदपुर जाने वाले लोगों को अब पपरा मार्ग से करीब 15 किलोमीटर ज्यादा चलना पड़ रहा है। कस्तरा पुल भी उफान पर है। रपटा में पानी बढ़ने से आसपास के गांवों का संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। जिला में बढ़ा बारिश का आंकड़ा जिले में बारिश का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। मैहर, अमरपाटन और रामनगर समेत ग्रामीण इलाकों में कई दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बुधवार को अमरपाटन में 1.69 इंच, मैहर में 2.055 इंच और रामनगर में 1.26 इंच बारिश दर्ज की गई। तीनों क्षेत्रों की औसत बारिश 1.66 इंच रही। इस मानसून सीजन में 1 जून से 1 सितंबर तक अमरपाटन में 26.45 इंच, मैहर में 23.32 इंच और रामनगर में 46.34 इंच बारिश हुई है। जिले में अब तक औसत 32.4 इंच बारिश दर्ज की गई है। इन नदियों का जलस्तर बढ़ा लगातार बारिश से मैहर की तोष नदी, घुष्णु नदी और कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उफनते नदी-नालों, रपटों और पुलों को पार करने की कोशिश न करें।

