लखनऊ में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर होम्योपैथिक इंटर्न गुरुवार को गोमतीनगर स्थित नेशनल होम्योपैथी कॉलेज एंड हॉस्पिटल में प्रदर्शन कर रहे हैं। इंटर्न ने OPD बंद कर नारेबाजी की। इससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 7,500 से बढ़ाकर 25 हजार की मांग इंटर्न का कहना है कि उन्हें अभी 7,500 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिल रहा है। इसे बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की जा रही है। इंटर्न ने कहा कि मांग को शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और जल्द निर्णय के लिए प्रदर्शन किया जा रहा है। दूर-दराज से पहुंचे मरीज भटके OPD बंद होने से दूर-दराज से आए मरीज इलाज के लिए परेशान रहे। अधिकारियों ने इंटर्न से प्रदर्शन खत्म करने की अपील की, लेकिन वे मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हैं। रोज 1200 से 1500 मरीज आते हैं प्रिंसिपल विजय पुष्कर ने बताया कि अस्पताल की OPD में रोजाना करीब 1200 से 1500 मरीज आते हैं। करीब 30 सीनियर डॉक्टर की निगरानी में इलाज होता है। इंटर्न के प्रदर्शन से गुरुवार को कामकाज प्रभावित हुआ है। इंटर्न की मांगों से शासन को अवगत करा दिया गया है। मरीजों को जल्द इलाज दिलाने की व्यवस्था की जा रही है।

