बिजनौर में एक पटाखा फैक्ट्री मालिक से 10 लाख रुपये के पटाखे ठग लिए गए। आरोपी खुद को बड़ा व्यापारी बताकर दो गाड़ियों में पटाखे भरवाकर ले गए। तीन लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। ज्ञान विहार निवासी विनीत कुमार की हल्दौर के त्रिलोकपुर में वैष्णो ट्रेडर्स नाम से पटाखा फैक्ट्री है। उनके सहयोगी उपेंद्र अहलावत को जितेंद्र सिक्का का फोन आया। उसने खुद को बड़ा व्यापारी बताया और 11 जुलाई को फैक्ट्री आया। जितेंद्र ने पैकिंग के लिए 30 डिब्बे भिजवाए, जिससे विनीत को उस पर भरोसा हो गया। 15 जुलाई को उसने दो गाड़ियां फैक्ट्री भेजीं। चालक निसार और मुनीब 10 लाख की आतिशबाजी भरकर ले गए। उसने बाद में भुगतान का भरोसा दिया। बाद में फर्जी बिलों का पता चला। उपेंद्र ने बात की तो जितेंद्र ने देहरादून से भुगतान कराने को कहा। विनीत की शिकायत पर जितेंद्र सिक्का (कुरुक्षेत्र) और चालकों निसार व मुनीब के खिलाफ हल्दौर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस जांच कर रही है।

