गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू की आज शामली की अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पेशी होगी। वह हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड की साजिश में शामिल होने के आरोप में करनाल जेल में बंद है। पुलिस इस मामले में उसकी कस्टडी रिमांड मांगेगी। एडिशनल एसपी सुमित कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस आज राकेश पंपू को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश कराएगी। इसके बाद पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी देगी। पुलिस ने अंकित बालियान हत्याकांड की जांच के दौरान करनाल जेल में बंद राकेश पंपू की भूमिका की भी जांच की है। इसी क्रम में शामली पुलिस ने सीजेएम कोर्ट में उसके खिलाफ बी-वारंट जारी करने की अर्जी दी थी। कोर्ट ने उसे 10 सितंबर को पेश करने की तारीख तय की थी। इससे पहले सोमवार को भी राकेश पंपू को कोर्ट में पेश किया जाना था। लेकिन करनाल जेल प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उसे शामली नहीं भेजा था। पुलिस के मुताबिक, राकेश पंपू संगठित अपराध से जुड़ा आरोपी है। सुरक्षा को देखते हुए उसे खुद पेश करने के बजाय वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पेशी कराने का तरीका अपनाया जा रहा है। वीडियो कॉन्फ्रेंस से पेशी के बाद पुलिस राकेश पंपू की कस्टडी रिमांड के लिए कोर्ट में अर्जी दे सकती है। रिमांड मिलने पर पुलिस अंकित बालियान हत्याकांड में उसकी भूमिका, अन्य आरोपियों से संपर्क और साजिश से जुड़े सवालों पर पूछताछ करेगी।

