राजस्थान- हीटवेव की चेतावनी, सड़कें सुनसान, सामान्य से जयादा गर्मी:कोटा में हॉस्पिटल्स में बेड रिजर्व, उदयपुर से टूरिस्ट गायब; जानें- आगे कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में तेज गर्मी के कारण सोमवार को 12 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ। बाड़मेर, जैसलमेर से ज्यादा गर्मी कोटा में रही, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। जयपुर, फलोदी में दिन के साथ रात में भी तेज गर्मी है। यहां न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हो रहा है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले कुछ दिन मौसम साफ रहने और हीटवेव चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। तेज गर्मी के कारण उदयपुर और अजमेर में टूरिस्टों की संख्या कम हो गई है। कोटा के हॉस्पिटल्स में हीटवेव के मरीजों के लिए बेड रिजर्व किए गए हैं। गर्मी की ये 2 तस्वीरें देखिए… मैप पर देखिए- सबसे गर्म शहर फलोदी, बाड़मेर में गर्म रात फलोदी, बाड़मेर में दिन में झुलसाने वाली तेज धूप के बाद लोगों को रात में भी गर्मी झेलनी पड़ रही है। यहां रात का न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो रहा है। सबसे ज्यादा गर्मी फलोदी में रही, जहां का न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इधर बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 27.5, जैसलमेर में 26, कोटा में 26.4, अलवर में 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अब आगे क्या? राजस्थान के प्रमुख शहरों में गर्मी का हाल जयपुर में गर्मी से हाल-बेहाल राजधानी जयपुर में भी दिन और रात दोनों समय सामान्य से ज्यादा गर्मी है। यहां सोमवार दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में इन दिनों तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री ऊपर दर्ज हो रहा है। कोटा के हॉस्पिटलों में 200 बेड रिजर्व किए गए कोटा में सोमवार का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 26.4 डिग्री तक पहुंच गया। बढ़ते तापमान और तेज गर्मी में लू के असर से निपटने के लिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। नए अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज परिसर में मरीजों के इलाज के लिए 200 बेड का प्री-फैब्रिकेटेड (प्री-फैब) वार्ड रिजर्व किया गया है। इनमें से फिलहाल 50 बेड का लू तापघात वार्ड को शुरू कर दिया गया है। जोधपुर में दिन का तापमान बढ़ा जोधपुर में पिछले कई दिन से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। सोमवार को दिनभर तेज धूप और साफ मौसम के कारण गर्मी का एहसास ज्यादा हुआ। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अजमेर में पर्यटन स्थल पर सन्नाटा रहा अजमेर में गर्मी का असर सोमवार को भी दिखा। तेज धूप के चलते पर्यटन स्थलों पर सन्नाटा पसरा रहा। घरों से बाहर निकलने वाले लोग धूप से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय करते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उदयपुर में छांव तलाशते रहे लोग उदयपुर में गर्मी का असर बढ़ गया है। सोमवार को दोपहर में पारा 40 डिग्री पहुंच गया। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे आमतौर पर बाजार में चहल-पहल रहती है। लेकिन उस वक्त लोग धूप से बचने के लिए इधर-उधर छांव तलाशते नजर आए। गर्मी के चलते शहर के प्रमुख चौराहों पर भी वाहनों की संख्या कम हुई है। अलवर में हीटवेव चलेगी अलवर में सोमवार को दिन के समय तेज धूप और गर्म हवा के कारण लोगों को परेशान होना पड़ा। स्टूडेंट्स और राहगीर पेड़ों की छाया में खड़े होकर राहत लेते नजर आए। जिले में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे गर्मी का असर और ज्यादा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले अगले चार दिनों तक हीटवेव का प्रकोप जारी रहेगा। ऐसे में लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है। सीकर में पारा गिरा सीकर में सोमवार को पूरे दिन तेज गर्मी रही। दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया। हवा की वजह से अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री की मामूली गिरावट दर्ज की गई। लेकिन तेज धूप का अहसास बना रहा। अगले एक सप्ताह मौसम ड्राई रहेगा। तीखी धूप के कारण लोग सिर ढककर बाहर निकले।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *