उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए आवेदन की सामान्य तिथि 5 अगस्त को समाप्त हो गई है। अब परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित छात्र-छात्राओं को विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का एक और मौका दिया गया है। इन विद्यार्थियों को 100 रुपये विलंब शुल्क जमा कर अपना परीक्षा फॉर्म भरना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 16 अगस्त निर्धारित की गई है। इसके साथ ही, कक्षा नौवीं और 11वीं के विद्यार्थियों का पंजीकरण भी कराया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह ने बताया कि निर्धारित समय में आवेदन न कर पाने वाले विद्यार्थी अब विलंब शुल्क जमा कर परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। वहीं, प्राइवेट और पत्राचार माध्यम से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए जिले में 12 अग्रसारण केंद्र (फॉरवर्डिंग सेंटर) बनाए गए हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को अपना परीक्षा फॉर्म इन्हीं निर्धारित अग्रसारण केंद्रों पर जमा करना होगा। ये अग्रसारण केंद्र जिले के अकबरपुर, टांडा, जहांगीरगंज, रामनगर, जलालपुर और भीटी क्षेत्र के विभिन्न इंटर कॉलेजों में स्थापित किए गए हैं। डीआईओएस ने सभी विद्यार्थियों और संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर लें, ताकि परीक्षा फॉर्म जमा करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

