बिजनौर में धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर वकीलों ने प्रशासन से कानून के व्यवहारिक पालन की मांग की। मंगलवार दोपहर 12 बजे वकीलों का एक प्रतिनिधि मंडल बिजनौर कलेक्ट्रेट पहुंचा और डीएम-एसपी को ज्ञापन सौंपा। इसमें 10 अक्टूबर को मकबरा वाली मस्जिद के मुअज्जिन पर हुई कार्रवाई पर विरोध जताया गया। वकीलों का कहना था कि मुअज्जिन कमेटी का कर्मचारी है और उसे बिना शिकायत तीन दिन जेल में रहना पड़ा। ज्ञापन में मांग की गई कि लाउडस्पीकर नियमों का पालन कराने से पहले संबंधित कमेटी को नोटिस देकर गलती सुधारने का मौका दिया जाए। पुलिस धार्मिक स्थलों का सर्वे कर कमेटी अध्यक्ष का रिकॉर्ड थाने में दर्ज करे। वकीलों ने सुझाव दिया कि एम्पलीफायर को जालीदार बॉक्स में रखकर ताला लगाया जाए, ताकि आवाज सीमा से अधिक न हो। उन्होंने कहा कि पहले कमेटी अध्यक्ष को सूचना देकर सुधार का मौका देना चाहिए, फिर नियम टूटने पर कार्रवाई हो।

