जालौन में मंगलवार शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला गुरुवार की सुबह तक जारी रहा। बुधवार दोपहर से शाम को कुछ देर के लिए बारिश थमी थी, लेकिन इसके बाद रात से फिर तेज बारिश शुरू हो गई। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दो दिनों में करीब 200 एमएम के आसपास बारिश दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा असर कोंच क्षेत्र में देखने को मिल रहा है, जहां लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वही लगातार बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने 27 अगस्त का कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी व प्राइवेट संस्थानों का अवकाश घोषित किया है। कोंच नगर के काशीराम कॉलोनी गांधीनगर इलाके में जलभराव के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कोंच से महंत नगर घुसिया जाने वाले मार्ग पर भारी मात्रा में पानी भर जाने से सड़क पूरी तरह कट गई है। मार्ग पर पानी का तेज बहाव होने के बावजूद कुछ लोग जोखिम उठाकर इस रास्ते से आवागमन कर रहे हैं। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण नगर के कई अन्य निचले इलाकों में भी पानी भर गया है।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो बुधवार रात आठ बजे से गुरुवार सुबह आठ बजे तक उरई में 21 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं कोंच क्षेत्र में करीब 80 एमएम से अधिक बारिश दर्ज हुई है। दो दिनों में जिले में करीब 200 एमएम के आसपास बारिश होने से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। लगातार बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर भी पड़ा है। खेतों में पानी भर जाने से फसलें जलमग्न हो गई हैं। किसानों का कहना है कि खेतों में लंबे समय तक पानी भरा रहने से फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। कई खेतों में फसल पूरी तरह पानी में डूब गई है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक नुकसान का संकट खड़ा हो गया है।

