बारिश के बीच शुक्रवार सुबह आलमबाग बस टर्मिनल से प्रयागराज जाने वाली एसी अनुबंधित बस यात्री कम होने के कारण रद्द कर दी गई। हैरानी की बात यह रही कि बस के निरस्त होने की जानकारी यात्रियों को मोबाइल पर नहीं दी गई। ऐसे में बारिश के दौरान यात्री बस पकड़ने के लिए आलमबाग बस अड्डे पहुंचे और वहां पहुंचकर उन्हें बस रद्द होने की जानकारी मिली। यात्री देवेश वर्मा ने बताया कि वह अपने चाचा को प्रयागराज जाने वाली बस में बैठाने के लिए आलमबाग बस अड्डे पहुंचे थे। पूछताछ काउंटर पर बस के बारे में जानकारी लेने पर पता चला कि बस निरस्त कर दी गई है। उनका कहना था कि अगर बस रद्द होने की सूचना मोबाइल पर मिल जाती तो उन्हें बारिश में बेवजह बस अड्डे तक नहीं आना पड़ता। कई रूटों पर साधारण बसें भी हुईं रद्द आलमबाग बस टर्मिनल के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह एक एसी बस को यात्रियों की कमी के कारण कैंसिल किया गया था। इसके अलावा कई रूटों पर यात्री नहीं मिलने के कारण साधारण बसों का संचालन भी रद्द किया गया। हालांकि, एसी बस के रद्द होने की सूचना यात्रियों तक मोबाइल के जरिए नहीं पहुंच सकी।

