गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के डासना देहात स्थित कल्लूगढ़ी रेलवे फाटक के पास रविवार सुबह करीब 6:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टायर पंचर की दुकान के पास चारपाई पर सो रहे 13 वर्षीय अकरम को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आसपास के लोगों ने अकरम को गाजियाबाद के MMG अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अकरम अपने पिता के पास टायर पंचर की दुकान पर आया था। सुबह के समय वह दुकान के पास चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे ट्रक ने सोते हुए अकरम को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने अकरम को संभाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने के बाद मसूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। SHO मसूरी ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे ट्रक की टक्कर से 13 वर्षीय अकरम घायल हुआ था। परिजन और स्थानीय लोग उसे उपचार के लिए MMG अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अकरम की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पुलिस ट्रक और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

