मिहिर भोज जयंती पर 300+ छात्र-छात्राओं करियर का मार्गदर्शन:गुर्जर छात्रावास में लगा शिविर; 35 गांवों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

मिहिर भोज जयंती पर 300+ छात्र-छात्राओं करियर का मार्गदर्शन:गुर्जर छात्रावास में लगा शिविर; 35 गांवों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

मुजफ्फरनगर में सम्राट आदिवराह मिहिर भोज जयंती के उपलक्ष्य में रविवार शाम 5 बजे रामपुर तिराहा स्थित गुर्जर छात्रावास परिसर में गुर्जर सद्भावना सभा के तत्वावधान में एक दिवसीय वृहद करियर काउंसलिंग एवं प्रेरणा सत्र आयोजित किया गया। शिविर में जनपद के करीब 35 गांवों के डिग्री कॉलेज और इंटर कॉलेजों में अध्ययनरत 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की तैयारी को लेकर जरूरी जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने सम्राट मिहिर भोज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर किया। वक्ताओं ने कहा कि सम्राट मिहिर भोज का जीवन शौर्य, सुशासन, राष्ट्रभक्ति और ज्ञान की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को लेकर समय रहते सही मार्गदर्शन लेने की अपील की। करियर काउंसलिंग सत्र में शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, कृषि, प्रबंधन और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से संवाद किया। 10वीं और 12वीं के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों के साथ सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी, डिजिटल युग में रोजगारपरक कौशल, इंटरव्यू की तैयारी और मानसिक तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सवाल पूछे सवाल-जवाब सत्र में विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से अपने करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए लक्ष्य के अनुसार तैयारी की रणनीति बनाने और सही समय पर सही विकल्प चुनने पर जोर दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिविर तक लाने और उन्हें करियर मार्गदर्शन से जोड़ने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों और सभा पदाधिकारियों ने शिक्षकों को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट किए। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों का समर्पण समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता अभिषेक चौधरी गुर्जर, पुष्पेंद्र कुमार, डीएवी कॉलेज के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. कलम सिंह, गुर्जर सद्भावना सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल सिंह, मंडल अध्यक्ष वेदपाल सिंह गुर्जर, जय किसान आंदोलन के जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ समाजसेवी पवन चौहान, नगर अध्यक्ष इच्छाराम, सेठपाल, सुरेशपाल अमीन और सभा के उपाध्यक्ष मनोज चौधरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने गुर्जर सद्भावना सभा की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में तहसील स्तर पर भी ऐसे निःशुल्क करियर मार्गदर्शन शिविर आयोजित करने पर जोर दिया। आयोजकों ने अतिथियों, शिक्षकों, विशेषज्ञों और छात्र-छात्राओं का आभार जताया। राष्ट्रगान और प्रीतिभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *