फूड एंड सेफ्टी डिपॉर्टमेंट की टीम दो दिन तक भोपाल के कुल 10 होटल और रेस्टोरेंट में पहुंची। इस दौरान ग्राहकों को सप्लाई किए जाने वाले भोजन को देखा। जहां खामियां मिलीं, वहां पर जिम्मेदारों को कड़ी फटकार भी लगाई गई। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक ने 12 एवं 13 सितंबर को शहर के प्रमुख होटल, रेस्टोरेंट एवं खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के अनुपालन की जांच के लिए विशेष औचक निरीक्षण के निर्देश दिए थे। इसके चलते टीम 10 होटल और रेस्टोरेंट में निरीक्षण करने पहुंच गई। निरीक्षण में टीम ने यह देखा
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, खाद्य पदार्थों का उचित भंडारण, वेज एवं नॉनवेज खाद्य पदार्थों का पृथक्करण, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का उपयोग, किचन एवं स्टोरेज की स्वच्छता, खाद्य लाइसेंस/पंजीयन का प्रदर्शन, खाद्य हैंडलर्स की मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल, FIFO व्यवस्था, लेबलिंग एवं अन्य खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। निरीक्षण में ये मिलीं खामियां, देखें तस्वीरें… किस होटल, रेस्टोरेंट में क्या सही, खराब मिला
महादेव भोजनालय को लेकर सीएम हेल्पलाइन शिकायत की गई थी। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के उचित रख-रखाव एवं भंडारण व्यवस्था का परीक्षण किया गया। मौके पर पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं पाया गया। प्रतिष्ठान पर खाद्य पंजीयन उपलब्ध था, लेकिन उसका उचित स्थान पर प्रदर्शन/चस्पा नहीं किया गया था। पंजीयन को उचित स्थान पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए। कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र बनवाने के निर्देश भी दिए गए। पनीर की मौके पर आयोडीन सॉल्यूशन से प्राथमिक जांच की गई। प्राथमिक जांच में एनालॉग पनीर की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि, भौतिक रूप से पनीर में फैट कम होने का संदेह होने पर पनीर का वैधानिक नमूना जांच के लिए लिया। होटल रेडिसन के निरीक्षण के दौरान हनी ब्रेड के 04 पैकेट मिसब्रांडेड पाए गए। सभी कमरों की डस्टबिन खुले एवं बिना ढक्कन के रखी हुई पाई गईं। नॉनवेज खाद्य पदार्थों का प्रथम कोल्ड स्टोरेज में पृथक्करण के साथ भंडारण पाया गया। मीट पैकेट पर Best Before संबंधी अंकन, फ्रोजन मीट पैकेट पर रक्त के साक्ष्य और FIFO व्यवस्था में कमियां पाई गईं। लगभग 50 किलोग्राम सड़े हुए आलू पाए गए, जिनका मौके पर नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया। हालांकि, होटल प्रबंधन ने बताया कि वेंडर को वापस करने के लिए बाहर ही रखे हैं। जिनका उपयोग होटल में नहीं हो रहा है। ब्रेड पर आवश्यक Veg Symbol तथा खरीदी का बिल उपलब्ध नहीं पाया गया। ब्रेड स्थानीय विक्रेता से खरीदी जाना बताया गया। खाद्य हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्रों की भी जांच की गई। न्यू मार्केट स्थित होटल पलाश के किचन में मशरूम के 8 पैकेट सड़े अवस्था में पाए गए। जिनका तत्काल विनष्टीकरण कराया गया। किचन एरिया में 5 डस्टबिन खुले हुए पाए गए, जिनमें सड़े-गले खाद्य पदार्थ/अपशिष्ट रखे हुए थे। कढ़ाई भी काली एवं अस्वच्छ पाई गई। फ्रोजन एरिया में बैंगन, पालक एवं अन्य सब्जियां उचित ताजगी की अवस्था में नहीं पाई गईं। कुछ सब्जियां सड़ी हुई अवस्था में मिलीं। फ्रीजर एवं फ्रिज में खाद्य पदार्थों का उचित संधारण नहीं पाया गया। कलश आटे का 500 ग्राम का एक पैकेट Best Before अवधि समाप्त होने के बाद उपयोग के लिए रखा हुआ पाया गया। चिकन मसाला का एक पैकेट आवश्यक लेबल विवरण, निर्माता एवं बैच/पैकिंग संबंधी जानकारी के बिना पाया गया। होटल द क्राउन 1909 रूफ टॉप रेस्टोरेंट मिंटो हॉल के मैनेजर प्रदीप खरे ने रेस्टोरेंट के किचन एवं स्टोरेज एरिया का निरीक्षण कराया। निरीक्षण में वेज एवं नॉनवेज खाद्य पदार्थों का उचित भंडारण पाया गया। किचन एवं स्टोरेज एरिया में साफ-सफाई उचित अवस्था में पाई गई तथा बर्तन साफ एवं स्वच्छ पाए गए। गुलमोहर स्थित होटल आदित्य ग्रैंड में लगभग आधा पैकेट एक्सपायरी ब्रेड पाया गया। कार्यरत खाद्य हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए और खाद्य पदार्थों की तैयारी के दौरान कर्मचारियों द्वारा हेयर कवर का उपयोग नहीं किया जा रहा था। डस्टबिन ढक्कन बंद अवस्था में पाए गए। यहां से पनीर का सैंपल लिया गया। एक दिन पहले यहां पहुंची थी टीम
इससे पहले शनिवार को टीम ने होटल ताज, सयाजी, जहांनुमा रिट्रीट, साक्षी ढाबा और होटल टूरटोकोइस का निरीक्षण किया था। होटल सयाजी फिश एवं चिकन का एक्सपायरी डेट के पश्चात उपयोग किया जाना और एक्सपायरी नॉनवेज खाद्य पदार्थों का भंडारण पाया गया। साक्षी ढाबा को लेकर सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायत की गई थी। शिकायत में बकरे अथवा चिकन के स्थान पर अन्य प्रकार के मांस के उपयोग संबंधी आरोप प्राप्त हुए थे। इसकी जांच की गई। होटल टूरटोकोइस में एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के उचित संधारण की व्यवस्था नहीं पाई गई। नॉनवेज खाद्य पदार्थों का एक ही फ्रीजर में भंडारण पाया गया। यहां मूंग दाल एवं राजमा में कीट लगे हुए पाए गए, जिनका मौके पर नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया। नॉनवेज फ्रीजर की उचित सफाई नहीं पाई गई। भंडारण क्षेत्र में कीटों की उपस्थिति के संकेत मिले। खाद्य लाइसेंस का प्रदर्शन नहीं पाया गया। डस्टबिन खुले हुए थे तथा कढ़ाई अत्यधिक काली एवं अस्वच्छ अवस्था में पाई गई।

