पीलीभीत में रविवार दोपहर करीब 2 बजे रेलवे फाटक पर पुलिस कांस्टेबल संदिग्ध हालत में अचेत पड़े मिले। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सिपाही को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्रीन सिटी कॉलोनी के पास का है। 49 वर्षीय कांस्टेबल की हुई पहचान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रमेंद्र कुमार के मुताबिक, मृतक की पहचान 49 वर्षीय कांस्टेबल सत्यपाल सिंह के रूप में हुई है। वह फर्रुखाबाद के कायमगंज थाना क्षेत्र के बलिपुर गढ़ी गांव के रहने वाले थे। सत्यपाल सिंह 17 जून 1997 को पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे और फिलहाल पीलीभीत पुलिस लाइन में तैनात थे। उनका परिवार बरेली में रहता है। 22 अगस्त से ड्यूटी से गैरहाजिर थे पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कांस्टेबल सत्यपाल सिंह 22 अगस्त से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे थे। पुलिस का कहना है कि वह शराब पीने के आदी थे। शुरुआती जांच में शव पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिसकर्मियों में शोक सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा और प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार भी जिला अस्पताल पहुंचे। परिवार के लोग पीलीभीत पहुंच गए। सीओ सिटी के मुताबिक, शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

