फरीदकोट जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 527 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपियों की पहचान विक्रम सिंह उर्फ विक्की निवासी गांव सोहल और अनमोलप्रीत सिंह उर्फ मोला निवासी गोरखा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी जिला तरनतारन से संबंधित हैं। पुलिस ने आरोपियों की मोटरसाइकिल व एक आई फोन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा निर्देश पर सीआईए स्टाफ फरीदकोट के इंचार्ज एसआई हाकम सिंह पुलिस पार्टी के साथ तलवंडी रोड पर सरकारी आईटीआई के सामने डेंटल कॉलेज के पास गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। थाना सिटी फरीदकोट में केस दर्ज इसी दौरान बिना नंबर के मोटरसाइकिल पर आ रहे 2 व्यक्तियों को शक के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 527 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में दोनों के खिलाफ थाना सिटी फरीदकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जा रही है: एसपी एसपी हेडक्वार्टर जसप्रीत सिंह ने बताया कि इन आरोपियों का अदालत से दो दिन का रिमांड हासिल किया गया है और इनसे बरामद हेरोइन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही इनके आपराधिक रिकार्ड को भी खंगाला जा रहा है।

