प्रयागराज में 10 मदरसों के चंदे की जांच के निर्देश:आयोग सदस्य ने 25% कमीशन का आरोप लगाया

प्रयागराज में 10 मदरसों के चंदे की जांच के निर्देश:आयोग सदस्य ने 25% कमीशन का आरोप लगाया

उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य मोहम्मद असलम ने सोमवार को दोपहर 12:30 बजे सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि प्रतापगढ़ में कुल 141 इस्लामी मदरसे हैं, जिनमें सात अनुदानित हैं। करीब 10 मदरसों के झोले और मोटरसाइकिल की डिक्की के जरिए चंदा जुटाने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने चंदे की रकम और उसके इस्तेमाल की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। असलम ने मदरसों में शिक्षकों की शैक्षिक योग्यता की जांच, बच्चियों के साथ यौन शोषण की घटनाओं और अवैध प्लाटिंग से जुड़े मामलों पर भी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज दौरे में चिट फंड सोसाइटी, कृषि विभाग और प्रयागराज विकास प्राधिकरण से जुड़े मुद्दों पर भी जवाब मांगे जाएंगे। मदरसों के नाम पर चंदा जुटाने में 25% कमीशन का आरोप मोहम्मद असलम ने आरोप लगाया कि कुछ लोग मदरसों के रजिस्ट्रेशन नंबर का इस्तेमाल कर रमजान के दौरान देशभर से चंदा जुटाते हैं। उनके मुताबिक, इस काम में करीब 25 प्रतिशत कमीशन लिया जाता है। उन्होंने कहा कि चंदे से जुटाई गई कुल रकम और उसके इस्तेमाल का ब्योरा जुटाया जा रहा है। हालांकि, प्रेस वार्ता में उन्होंने इन मामलों में अब तक हुई किसी ठोस कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया। शिक्षकों की योग्यता जांचने पर जोर आयोग सदस्य ने मदरसों में पढ़ाने वाले शिक्षकों की शैक्षिक योग्यता की जांच की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि नियुक्तियों में शिक्षकों की योग्यता सुनिश्चित होनी चाहिए। कुछ मदरसों में बच्चियों के साथ यौन शोषण की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आयोग ऐसे मामलों पर विशेष ध्यान दे रहा है। उन्होंने इस दिशा में व्यापक कानून बनवाने के लिए काम करने की बात भी कही। चिट फंड सोसाइटी और कृषि विभाग से जुड़े मामले उठाए असलम ने बताया कि प्रयागराज दौरे के दौरान उनके एजेंडे में सहायक रजिस्ट्रार चिट फंड सोसाइटी, जॉइंट डायरेक्टर एग्रीकल्चर और प्रयागराज विकास प्राधिकरण से जुड़े मामले शामिल हैं। उन्होंने चिट फंड सोसाइटी के बायलॉज में धर्म परिवर्तन से जुड़े प्रावधान होने को लेकर सवाल उठाया। उनका कहना था कि इस पर उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिला। कृषि विभाग में आरबी लाल और उनके भाइयों से जुड़े वेतन आहरण के मामले में भी संबंधित अधिकारी से जवाब मांगने की बात कही। इसके अलावा अवैध प्लाटिंग और उसके नक्शे पास होने के मामलों को भी उठाया। योग्यता के आधार पर मिले मुस्लिम युवाओं को अवसर भाजपा से मुस्लिम युवाओं को जोड़ने के सवाल पर असलम ने कहा कि योग्य युवाओं को धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि उनकी योग्यता के आधार पर अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास को मुस्लिम युवाओं की तरक्की का रास्ता बताया। उन्होंने कांग्रेस सरकारों पर मुस्लिम समुदाय को पिछड़ा रखने का आरोप लगाया। साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में पासपोर्ट प्रक्रिया सरल किए जाने का भी उल्लेख किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *