पुणे: प्रसिद्ध उद्योगपति की IT इंजीनियर बहू की रहस्यमयी मौत, भाई को भेजा था आखिरी मैसेज

पुणे: प्रसिद्ध उद्योगपति की IT इंजीनियर बहू की रहस्यमयी मौत, भाई को भेजा था आखिरी मैसेज

Pune IT Engineer Death: महाराष्ट्र के पुणे शहर में 29 वर्षीय आईटी इंजीनियर पायल पवार-झांबरे की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। 2 नवंबर को पायल का शव उनके ससुराल के पुराने फ्लैट में मिला था। इस मामले में मृतका के मायके वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर केस दर्औज करवाया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पायल के पति अक्षय झांबरे, सास, ससुर और ननद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पति अक्षय को हिरासत में लिया है।

मायके वालों ने लगाया गंभीर आरोप

पायल पुणे के मुकुंदनगर इलाके में रहती थीं। वह शहर के प्रतिष्ठित झांबरे पैलेस के मालिक की बहू थी। पायल के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। दिवाली के दौरान मायके से 10 तोला सोना लाने का दबाव बनाया जा रहा था। पायल के पिता किसान है। सूखे की स्थिति और आर्थिक परेशानियों के कारण उन्होंने अगली फसल आने तक का समय मांगा था, लेकिन इसके बावजूद कथित तौर पर प्रताड़ना जारी रही।

बेटी के जन्म के बाद भी प्रताड़ित करने का आरोप

पायल के भाई ऋषिकेश पवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 मार्च 2023 को पायल ने एक बेटी को जन्म दिया था। आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद ससुराल के लोग अस्पताल पहुंचे और वहां विवाद किया। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि उन्हें बेटा चाहिए था और वे बेटी की जिम्मेदारी नहीं उठाएंगे।

परिजनों का आरोप है कि पायल को बेटी होने के कारण ताने मारे जाते थे। उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की जाती थी।

मौत से एक दिन पहले भाई को भेजा था आखिरी मैसेज

इस मामले में सबसे अहम बात पायल का वह आखिरी मैसेज है, जो उन्होंने अपने भाई ऋषिकेश को भेजा था। शिकायत के मुताबिक, 1 नवंबर 2026 को पायल मायके से ससुराल लौटी थीं। रात करीब 9 बजकर 18 मिनट पर उसने अपने भाई को मैसेज भेजा था, जिसमें लिखा था, ‘मेरी सास जिम्मेदार है।’

मैसेज मिलने के बाद ऋषिकेश ने तुरंत पायल को फोन किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद भाई ने अक्षय को फोन किया। आरोप है कि अक्षय ने कथित तौर पर टालमटोल करते हुए जवाब दिया और ऋषिकेश को उसके पारिवारिक विवाद में दखल नहीं देने की बात कही। इसके बाद फोन काट दिया।

पायल के परिजनों ने देर रात तक ससुराल के लोगों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी का फोन नहीं लगा। अगले दिन सुबह ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर बताया गया कि पायल घर पर नहीं आई हैं। इस जानकारी के बाद मायके वालों को संदेह हुआ और वे मुकुंदनगर स्थित झांबरे पैलेस पहुंचे।

पुराने फ्लैट में मिला पायल का शव

परिजनों के अनुसार, जब उन्होंने ससुराल में पायल के बारे में पूछताछ की तो किसी ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी। बाद में पति अक्षय ने बताया कि पायल सामने वाले फ्लैट में हो सकती हैं। इसके बाद सभी उस फ्लैट पर पहुंचे। फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। शिकायत के मुताबिक, पायल के भाई ऋषिकेश ने पीछे के दरवाजे से अंदर गया और मुख्य दरवाजा खोला। अंदर किचन में पायल अचेत अवस्था में मिलीं। उसे पुलिस की मदद से ससून अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उपचार शुरू होने से पहले ही पायल को मृत घोषित कर दिया।

परिवार ने जताई हत्या की आशंका, निष्पक्ष जांच की मांग की

पायल के परिजनों ने उसकी मौत को लेकर गंभीर संदेह जताया है। परिवार का कहना है कि पायल उच्चशिक्षित और शांत स्वभाव की थीं। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि वह ऐसा कदम उठा सकती थीं। इसी आधार पर परिजनों ने मामले की हत्या के एंगल से भी जांच की मांग की है। फिलहाल स्वारगेट पुलिस ने भाई ऋषिकेश पवार की शिकायत के आधार पर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ मामला दर्ज किया है और मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *