पुणे के शिरूर में सुबह-सुबह स्कूटी सवार युवक की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुआ हमला

पुणे के शिरूर में सुबह-सुबह स्कूटी सवार युवक की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुआ हमला

Shirur murder case: महाराष्ट्र के पुणे ग्रामीण इलाके के शिरूर कस्बे में शुक्रवार सुबह गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। अंबेडकर नगर के पास लाटेअली इलाके में अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को बेहद करीब से गोली मार दी। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह के समय हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बेखौफ और फिल्मी अंदाज में इस घटना को अंजाम देने की पूरी वीडियो पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।

सुबह करीब 6:30 बजे चलीं गोलियां

बता दें कि मृतक स्कूटी चालक की पहचान हरि गंगावणे के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे लाटेअली इलाके में अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकले। बाहर गली में आते ही उन्होंने हरि गंगावणे को सड़क पर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखकर हैरान रह गए। उसके शरीर पर गंभीर चोटें थीं। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी, लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही शिरूर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमंडल पुलिस अधिकारी रविंद्र भोसले और पुलिस निरीक्षक विनोद पाटिल समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। सबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

मौके से मिले खाली कारतूस

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कुछ खाली कारतूस मिले हैं। पुलिस ने इन्हें कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद, गिरोह से जुड़ा मामला या जमीन और पैसों से संबंधित विवाद तो नहीं था। फिलहाल आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *