पानीपत में जीटी रोड पर पलटी कूड़े से भरी ट्रॉली:जीटी रोड पर फैला कूड़ा, मौके से भागे ट्रैक्टर पर सवार निगम कर्मचारी

पानीपत में जीटी रोड पर पलटी कूड़े से भरी ट्रॉली:जीटी रोड पर फैला कूड़ा, मौके से भागे ट्रैक्टर पर सवार निगम कर्मचारी

पानीपत में जीटी रोड पर खादी आश्रम के पास शनिवार सुबह करीब दस बजे कूड़े से भरी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। इससे ट्रॉली में भरा कूड़ा सड़क पर फैल गया और यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात बहाल करवाने के साथ कूड़ा हटवाने का काम शुरू कराया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को जान की हानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा बच गया। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हादसे से पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साथ चल रहे एक कैंटर को टक्कर मारी थी। कैंटर चालक मोहित के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक वाहन को लापरवाही से चला रहा था। हादसे के बाद ट्रैक्टर पर सवार सभी लोग मौके से भाग गए। सोनीपत से पंजाब जा रहा था कैंटर कैंटर ड्राइवर मोहित ने बताया कि वह कैंटर लेकर सोनीपत से पंजाब के राजपुरा जा रहा था। खादी आश्रम के पास पहुंचने के दौरान कूड़ा लेकर जा रही नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित तरीके से दौड़ती दिखाई दी। ट्रैक्टर ड्राइवर लापरवाही से ट्रैक्टर चला रहा था। इसके बाद निगम की ट्रैक्टर ट्राली उसके कैंटर से टकरा गई। टक्कर लगने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क के बीच पलट गई। ट्रॉली पलटते ही उसमें भरा कूड़ा सड़क पर बिखर गया। तीन से चार कर्मचारी थे, भागे कैंटर चालक मोहित के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नगर निगम के करीब तीन से चार कर्मचारी भी सवार थे। उसने आरोप लगाया कि कर्मचारी नशे की हालत में लग रहे थे। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार कर्मचारी मौके से चले गए। मोहित ने तुंरत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। कूड़े के कारण थम गया यातायात ट्रॉली सड़क के बीच पलटने और कूड़ा फैलने से रास्ता बाधित हो गया। सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। आसपास के लोगों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोनों वाहनों को नुकसान हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर बिखरे कूड़े को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, ताकि रास्ता साफ कर यातायात को सामान्य कराया जा सके। हादसे के कारण कैंटर और नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी नुकसान पहुंचा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *