कुशीनगर के पडरौना में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ तहसील पडरौना के पदाधिकारियों ने शनिवार को आठ सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। तहसील अध्यक्ष रामदर्शन शर्मा के नेतृत्व में लेखपालों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की। संघ ने मांगें पूरी नहीं होने पर 17 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन और बाद में पूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। ज्ञापन में 10 वर्षों से लंबित 2800 ग्रेड पे, वेतन विसंगति दूर करने, आठ वर्षों से लंबित अंतरमंडलीय स्थानांतरण और चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने की मांग प्रमुख रही। वर्ष 2024 में नियुक्त लेखपालों की प्रशिक्षण परीक्षा का परिणाम व प्रमाणपत्र जारी करने की भी मांग की गई। संघ ने स्टेशनरी, वाहन व विशेष भत्ते बढ़ाने, ग्राम सचिवालयों में सुविधाएं उपलब्ध कराने और लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित करने की मांग रखी। धरने में विपिन मणि त्रिपाठी, विनोद सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे।

