बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बदायूं-कुंवरगांव मार्ग पर बादल और ललेई गांव के बीच मंगलवार देर शाम करीब बजे सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित दूध टैंकर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक टैंकर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर लौट रहे थे दोनों दोस्त बादल गांव निवासी छविराम (22) अपने दोस्त बृजभान उर्फ बिरजू (26) के साथ कुंवरगांव के साप्ताहिक बाजार से खरीदारी करने गए थे। मंगलवार देर शाम करीब 7:00 बजे छविराम अपनी बाइक से बृजभान को उसके गांव ललेई छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही वे बादल और ललेई गांव के बीच पहुंचे, तभी बदायूं की ओर से आ रहे तेज रफ्तार दूध टैंकर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। 8 दिन पहले ही घर आया था छविराम टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि छविराम पेशे से ट्रक चालक था और हरियाणा के गुरुग्राम में काम करता था। वह करीब आठ दिन पूर्व ही अपने गांव आया हुआ था। टैंकर सीज, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस हादसे की खबर मिलते ही दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है घटनास्थल से दूध टैंकर को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया गया है। चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी तलाश के लिए टीम लगाई गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

