उमरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में पीआईयू (प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन यूनिट) के कार्यपालन यंत्री दिलीप टेकाम का शव उनके किराये के मकान में संदिग्ध हालत में मिला है। शव मिलने की खबर से पूरे जिले में हड़कंप मच गया। कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। दिलीप टेकाम उमरिया जिला मुख्यालय में भवानी पेट्रोल पंप के पास एक किराये के मकान में अकेले रहते थे। मंगलवार को जब उनके ड्राइवर ने उन्हें फोन किया, तो उनका मोबाइल बंद मिला। घर का दरवाजा भी अंदर से बंद था। इसके बाद ड्राइवर और मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खोला तो दिलीप का शव जमीन पर पड़ा मिला। शव जमीन पर एक कंबल के ऊपर पड़ा था। शव के पास खून भी पड़ा मिला। दिलीप टेकाम की उम्र करीब 50 साल बताई जा रही है और वे 2024 में यहां पदस्थ हुए थे। जांच अधिकारी मुकेश मर्सकोले ने बताया कि शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

