तस्करी रोकने के लिए हर टीम को मिलेंगे 5-5 होमगार्ड:अवैध शराब के खिलाफ विशेष जांच अभियान 20 अक्टूबर तक, 5 जिलों में गश्ती दल तैनात किए

तस्करी रोकने के लिए हर टीम को मिलेंगे 5-5 होमगार्ड:अवैध शराब के खिलाफ विशेष जांच अभियान 20 अक्टूबर तक, 5 जिलों में गश्ती दल तैनात किए

प्रदेश में दूसरे राज्यों से होने वाली शराब की तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग ने कमर कस ली है। विभाग की ओर से राज्य में अवैध मदिरा के परिवहन, संग्रहण, निर्माण और बिक्री पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखने के लिए विशेष निरोधात्मक अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 21 सितंबर से 20 अक्टूबर तक पूरे एक महीने चलेगा। आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने इसके लिए आदेश जारी कर विशेष आबकारी निरोधक गश्ती (पेट्रोलिंग) दलों का गठन कर दिया है। इन टीमों में राज्य के अलग-अलग थानों से अधिकारियों और सिपाही वर्ग के कार्मिकों को तैनात किया गया है। संबंधित जिला आबकारी अधिकारी इन टीमों को 5-5 होमगार्ड जवान उपलब्ध करवाएंगे। अतिरिक्त आबकारी आयुक्तों (जोधपुर, कोटा और उदयपुर) को अपने स्तर पर ही इन टीमों के लिए वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। ये सभी गश्ती दल स्थानीय जिला आबकारी अधिकारी के सीधे निर्देशन में काम करेंगे और उन्हें हर दिन की कार्रवाई की रिपोर्ट मुख्यालय भेजनी होगी। इस विशेष चेकिंग के दौरान जो भी अवैध शराब या मादक पदार्थ जब्त होंगे, उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित क्षेत्र के प्रहराधिकारी को सौंप दिया जाएगा। इन 5 जिलों में संभालेंगे मोर्चा, प्रहराधिकारियों को सौंपी कमान तीन प्रमुख जोन उदयपुर, जोधपुर और कोटा के अंतर्गत आने वाले 5 संवेदनशील जिलों में विशेष पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात की गई हैं। इधर, खेरवाड़ा में कार्रवाई, ग्रेनाइट स्लैब के बीच 8 सीक्रेट चैंबर में छिपाई थी शराब की खेप, जब्ती के साथ एक गिरफ्तार चंडीगढ़ की व्हिस्की, बीयर के 360 केन जब्त किए आबकारी विभाग के विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत खेरवाड़ा में नेशनल हाईवे पर बड़ी कार्रवाई की गई। टीम ने ग्रेनाइट के स्लैब से लदे ट्रक से अवैध अंग्रेजी शराब की खेप जब्त की। तस्करों ने शराब गुजरात ले जाने के लिए ट्रक में ग्रेनाइट स्लैब के बीच 8 सीक्रेट चैंबर बना रखे थे। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। मुखबिर की सूचना पर आबकारी निरोधक टीम, उदयपुर एवं खेरवाड़ा प्रहराधिकारी करणी सिंह ने गुरुवार रात नेशनल हाईवे पर संदिग्ध ट्रक को रुकवाया। जांच में स्लैब के बीच 8 गुप्त चैंबर मिले। इनमें फोर सेल इन चंडीगढ़ पार्टी स्पेशल व्हिस्की की 240 बोतल, ब्लू स्टॉर्क व्हिस्की के 48 पव्वे, रॉयल चैलेंज व्हिस्की की 48 बोतलें, 8 पीएम व्हिस्की के 288 पव्वे और किंगफिशर बीयर के 360 केन मिले। मौके से केकड़ी निवासी सुरेश बैरवा को गिरफ्तार किया गया। इसका साथी फरार हो गया। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप सिंह सांगावत, अतिरिक्त आबकारी आयुक्त उदयपुर जोन प्रभा गौतम, उपायुक्त ईपीएफ उदयपुर जोन प्रद्युम्न सिंह चूंडावत के सुपरविजन में आबकारी अधिकारी निरोधक दल विकास चारण, प्रहराधिकारी खेरवाड़ा करणी सिंह, प्रहराधिकारी दौलत सिंह सहित ईपीएफ जाब्ता उदयपुर एवं खेरवाड़ा ने यह कार्रवाई की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *