भारत ने फुटबॉल वर्ल्डकप टीम पनामा को 1-1 पर रोका:रयान विलियम्स ने 41वें मिनट में दिलाई बढ़त, वालेंसिया ने 68वें मिनट में बराबरी की

भारत ने फुटबॉल वर्ल्डकप टीम पनामा को 1-1 पर रोका:रयान विलियम्स ने 41वें मिनट में दिलाई बढ़त, वालेंसिया ने 68वें मिनट में बराबरी की

भारत ने फीफा वर्ल्ड कप खेल चुकी पनामा के खिलाफ इंटरनेशनल फ्रेंडली में 1-1 से ड्रॉ खेला। बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में भारत ने पहले हाफ में रयान विलियम्स के गोल से बढ़त बनाई। पनामा ने 68वें मिनट में उमर वालेंसिया के गोल से स्कोर बराबर कर दिया। यह मुकाबला भारत और पनामा के बीच पुरुष सीनियर इंटरनेशनल फुटबॉल में पहला मैच था। पनामा 2018 और 2026 वर्ल्ड कप खेल चुका है। 2026 वर्ल्ड कप में टीम ने घाना, इंग्लैंड और क्रोएशिया के खिलाफ ग्रुप मैच खेले थे। मौजूदा टीम में उस वर्ल्ड कप के 14 खिलाड़ी शामिल थे। पनामा गेंद पर हावी, भारत ने रोका मैच की शुरुआत से ही पनामा ने ज्यादा गेंद अपने पास रखी। भारत ने अपने डिफेंस को पीछे रखते हुए काउंटर अटैक का इंतजार किया। पनामा बाएं फ्लैंक से बार-बार आगे बढ़ रहा था, लेकिन विक्रम प्रताप सिंह, अबिषेक सिंह टेकचम, अनवर अली और बिजॉय वर्गीज ने कई हमले रोके। भारत को भी शुरुआत में बड़ा मौका मिला। 8वें मिनट में अनवर अली ने आगे गेंद भेजी। आशिके कुरुनियन ने उसे आकाश मिश्रा तक पहुंचाया और आकाश ने बॉक्स के अंदर रयान विलियम्स के लिए कटबैक किया, लेकिन विलियम्स शॉट नहीं लगा सके। विलियम्स ने गोल किया हाफ टाइम तक बढ़त भारत के पास भारत 1-0 की बढ़त के साथ ब्रेक में गया। हालांकि पनामा के पास ज्यादा गेंद थी और उसने भारत के डिफेंस को लगातार टेस्ट किया। भारत के शुरुआती लाइनअप में गुरप्रीत सिंह संधू गोलकीपर थे। डिफेंस में अबिषेक सिंह टेकचम, अनवर अली, बिजॉय वर्गीज और आकाश मिश्रा खेले। मिडफील्ड में लालेंगमाविया, रिकी जॉन शाबोंग, विक्रम प्रताप सिंह और आशिके कुरुनियन थे। आगे मनवीर सिंह और रयान डेल विलियम्स की जोड़ी उतरी। मुख्य कोच खालिद जमील ने इनफॉर्म स्ट्राइकर एडमंड लालरिंदिका को शुरुआत में बाहर रखा और विलियम्स-मनवीर को आगे उतारा। मिडफील्ड में सहल अब्दुल समद की जगह रिकी शाबोंग को मौका मिला। वालेंसिया का लंबा शॉट और स्कोर बराबर 68वें मिनट में पनामा की कोशिश सफल हुई। उमर वालेंसिया को बॉक्स के बाहर गेंद मिली। उन्होंने लालेंगमाविया के सामने से दूर से शॉट लगाया। गेंद नीचे की ओर आई और गुरप्रीत के सामने से निकलकर टॉप-राइट कॉर्नर में जा लगी। स्कोर 1-1 हो गया। बराबरी के बाद भारत ने दो बदलाव किए। विलियम्स और विक्रम प्रताप सिंह की जगह सहल अब्दुल समद और एडमंड लालरिंदिका मैदान पर आए। आखिरी 20 मिनट में दोनों तरफ से मौके बराबरी के बाद मैच का रुख तेजी से बदला। पनामा ने 71वें मिनट में एक और हमला किया। कॉर्नर के बाद उसका शॉट क्रॉसबार से टकराया। 74वें मिनट में दूर से लगाए शॉट पर गुरप्रीत ने अच्छा बचाव किया। भारत ने भी आखिरी मिनटों में जीत के लिए जोर लगाया। 81वें मिनट में एडमंड लालरिंदिका ने गेंद जीतकर मनवीर सिंह को सेट किया। मनवीर का बैकहील शॉट थोड़ा बाहर निकल गया। 84वें मिनट में मनवीर ने कॉर्नर हासिल किया और उसके बाद अबिषेक सिंह टेकचम ने फॉलो-अप शॉट लगाया, लेकिन गेंद टारगेट पर नहीं थी। 85वें मिनट में आशिके कुरुनियन की जगह जे गुप्ता मैदान पर आए। आखिरी मिनटों में सहल ने भी एक अच्छा रन बनाकर जे गुप्ता को थ्रू बॉल दी, लेकिन पनामा ने क्रॉस को साफ कर दिया। रेफरी की अंतिम सीटी के साथ मुकाबला 1-1 पर खत्म हुआ। छेत्री मैच देखने पहुंचे, बोले- टीम को स्टैंड्स से देखना खट्टा-मीठा पल सुनील छेत्री मैच देखने पहुंचे। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने के बाद पहली बार वे इस मैदान पर बतौर दर्शक भारतीय टीम का हौसला बढ़ाते नजर आए। छेत्री ने कहा कि स्टैंड्स में बैठकर भारतीय टीम को खेलते देखना उनके लिए एक “खट्टा-मीठा पल” है। उन्होंने कहा कि अब वे देश के लिए मैदान पर उतरने वाले खिलाड़ी नहीं, बल्कि टीम के एक फैन हैं। कांतीरवा में 1,178 दिन बाद लौटी भारतीय टीम भारत ने कांतीरवा में पिछला सीनियर इंटरनेशनल मैच 2023 SAFF चैंपियनशिप में खेला था। तब उसने कुवैत को पेनल्टी शूटआउट में हराकर खिताब जीता था। उस मैच के करीब 1,178 दिन बाद भारतीय टीम इसी मैदान पर लौटी। इस बीच भारत 2026 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर सका। टीम 2027 एशियन कप के लिए भी क्वालिफाई नहीं कर पाई। इस अवधि में फीफा रैंकिंग में भारत करीब 40 स्थान नीचे गया और मुकाबले के समय वह 136वें स्थान पर था। अब ब्राजील और उरुग्वे की बारी भारत का यह तीन मैचों वाली इंटरनेशनल विंडो का पहला मुकाबला था। अब 3 अक्टूबर को कोलकाता में पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील और 6 अक्टूबर को दो बार की वर्ल्ड चैंपियन उरुग्वे से मुकाबला होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *