सवाई माधोपुर| सरकार के राजस्व विभाग के ‘विकसित भारत-जन सेवा अभियान’ के तहत 26 से 28 सितंबर तक जिले की सभी तहसीलों के गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त स्तरीय शिविर लगाए जाएंगे। शिविर सुबह 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक होंगे। कलेक्टर काना राम ने बताया कि शिविरों में 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे। मौके पर आमजन की समस्याओं, लंबित प्रकरणों और परिवेदनाओं का निस्तारण किया जाएगा। पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। राजस्व विभाग शिविरों में 12 तरह के कार्य करेगा। इनमें राजस्व अभिलेख और खातों का शुद्धिकरण, आपसी सहमति से खातों का विभाजन, रास्ता प्रकरणों का निस्तारण, नामांतरण, सरकारी और चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने के प्रकरण, भूमिहीन किसानों को भूमि आवंटन, गैर खातेदारी से खातेदारी अधिकार, सीमाज्ञान और पत्थरगढ़ी, आबादी विस्तार के लिए राजकीय भूमि आवंटन व आरक्षण, सार्वजनिक प्रयोजन के लिए भूमि आवंटन/आरक्षण प्रस्ताव, जाति-मूल निवास-हैसियत प्रमाण पत्र जारी करना और फॉर्मर रजिस्ट्री शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार सवाई माधोपुर तहसील में शिविर पंचायत समिति सभागार और संबंधित भारत निर्माण सेवा केंद्रों में होंगे। खंडार, चौथ का बरवाड़ा, बौंली और मित्रपुरा तहसीलों में भी अलग-अलग सर्किलों में भारत निर्माण सेवा केंद्रों और पंचायत समिति सभागारों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

