कासगंज में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की मंडलीय टीम ने सैलई रोड स्थित ओम साक्षी डेयरी पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने लगभग चार कुंतल दूषित पनीर बरामद किया। गुणवत्ता मानकों पर खरा न उतरने के कारण पनीर को मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई मंडलीय सहायक आयुक्त अजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में की गई, जिसमें कासगंज और हाथरस की टीमें शामिल थीं। बरामद दूषित पनीर को जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर उसमें डालकर नष्ट किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने ओम साक्षी डेयरी का लाइसेंस भी रद्द कर दिया है। इसके अतिरिक्त, विभाग ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर डेयरी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और मिलावट पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान कासगंज के सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय कुलदीप सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमवीर सिंह, सहावर की खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रतिमा त्रिपाठी और हाथरस की टीम के सदस्य मौजूद रहे। मंडलीय सहायक आयुक्त अजय कुमार जायसवाल ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

