सीतापुर जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर की मौत:लो बीपी से बिगड़ी तबीयत, असलहा फैक्ट्री चलाने के मामले में 8 अगस्त से बंद था

सीतापुर जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर की मौत:लो बीपी से बिगड़ी तबीयत, असलहा फैक्ट्री चलाने के मामले में 8 अगस्त से बंद था

सीतापुर जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। जेल प्रशासन ने गंभीर हालत में उसे पहले जेल अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के दौरान उसका ब्लड प्रेशर काफी कम पाया गया। हालत बिगड़ती देख उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान तंबौर थाना क्षेत्र के ड्योडीडीह गांव निवासी निसार (76)। निसार तंबौर थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। वह 8 अगस्त को सामने आई एक अवैध असलहा फैक्ट्री के मामले में गिरफ्तार होने के बाद आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेजा गया था। मौत की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को एसपी अंकुर अग्रवाल के नेतृत्व में शहर कोतवाली पुलिस ने अवैध असलहा फैक्ट्री का खुलासा किया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने निसार और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध असलहा और कारतूस बरामद करने का दावा किया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद निसार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया था। गिरफ्तारी के बाद से निसार सीतापुर जिला कारागार में बंद था। किसी को अंदाजा नहीं था कि जेल जाने के कुछ ही दिनों बाद उसकी तबीयत अचानक इतनी बिगड़ जाएगी। जेल अस्पताल में मिला BP काफी लो बताया जा रहा है कि देर रात निसार बैरक में था, तभी उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन सक्रिय हो गया और उसे तत्काल जेल अस्पताल ले जाया गया। जेल अस्पताल में जांच के दौरान उसका ब्लड प्रेशर काफी कम पाया गया। बुजुर्ग होने और पहले से बीमारियों से जूझ रहे निसार की हालत को देखते हुए जेल प्रशासन ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित जेल प्रशासन निसार को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। बुजुर्ग की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। जेल अधीक्षक बोलीं- डायबिटीज और पुराने टीबी से था पीड़ित जेल अधीक्षक प्रीति यादव ने बताया कि रात में निसार की तबीयत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि निसार डायबिटीज और पुराने टीबी की बीमारी से भी पीड़ित था। जेल प्रशासन के मुताबिक, शुरुआती तौर पर ब्लड प्रेशर लो होने के बाद उसकी हालत बिगड़ी थी। हालांकि, मौत किस वजह से हुई, इसका अंतिम कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *