टिमरनी में खेल मैदान की मांग को लेकर खिलाड़ी, कोच और कुछ लोग मंगलवार को कलेक्टर से मिलने हरदा के लिए पैदल निकले। इन सभी ने गांधी टोपी पहनी हुई थी। करीब 10 किलोमीटर चलने के बाद ग्राम उड़ा के पास एसडीएम अशवनराम चिरामन ने उन्हें रोक लिया। एसडीएम ने उनसे बातचीत की और वापस टिमरनी ले जाकर मामले में जरूरी दस्तावेज देखकर कार्रवाई का भरोसा दिया। क्या है समस्या खिलाड़ियों का कहना है कि वे लंबे समय से खेल मैदान की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई हल नहीं निकला। टिमरनी निवासी दीपक पटवारे ने आरोप लगाया कि राधा स्वामी सत्संग के पास साढ़े तीन एकड़ जमीन पर सालों से अवैध कब्जा है। पूर्व एसडीएम भी इस बारे में लिख चुके हैं, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसडीएम चिरामन ने कहा कि वे संबंधित फाइल देखकर उचित कार्रवाई करेंगे। अब देखना होगा कि इस पदयात्रा के बाद प्रशासन खेल मैदान की मांग पर क्या कदम उठाता है।

