सतना में कॉलेज छात्रा को पिछले करीब 10 महीने से परेशान करने, पीछा करने और फिजिकल रिलेशन के लिए दबाव बनाने के आरोप में कोलगवां थाना पुलिस ने छात्र श्रवण सेन के खिलाफ केस दर्ज किया है। शुक्रवार को पुलिस ने बीएनएस की धारा 74 के तहत छेड़खानी का अपराध दर्ज किया। केस दर्ज करने से पहले पीड़िता के परिवार के कहने पर उसके दोबारा बयान लिए गए। इसके बाद आरोपी श्रवण को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच आगे जारी है। जरूरत पड़ने पर पीड़िता के बयान मजिस्ट्रेट के सामने भी दर्ज कराए जा सकते हैं। मना करने के बाद भी पीछा करने का आरोप पीड़िता के परिवार का आरोप है कि छात्रा के बार-बार मना करने के बावजूद श्रवण उसका पीछा करता था। वह फोन पर धमकाता था। परिवार के मुताबिक, आरोपी की गर्लफ्रेंड और उसके दोस्तों के जरिए भी छात्रा को धमकियां दिलाई जाती थीं। परिवार का आरोप है कि श्रवण बाइक से छात्रा का पीछा करता था और कॉलेज जाने के रास्ते में बाइक लगाकर उसके साथ गाली-गलौज करता था। इसी दौरान आरोपी की गर्लफ्रेंड पर भी छात्रा को धमकाने का आरोप लगाया गया है। नगर वन में बुलाकर मारपीट का आरोप परिवार के मुताबिक, लगातार दबाव और धमकियों के बाद भी छात्रा जब नहीं मानी तो उसे बहाने से नगर वन बुलाया गया। वहां चार लड़कियों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान छात्रा से श्रवण को वीडियो कॉल करवाकर माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया। मारपीट का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। परिवार का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद छात्रा काफी परेशान है और घर से बाहर निकलने में डर रही है। उसने कॉलेज जाना भी बंद कर दिया है। जीसी ग्रुप से शुरू हुआ था संपर्क पीड़िता के बयान के मुताबिक, आरोपी की गर्लफ्रेंड ने पिछले साल दिसंबर में उसे इंस्टाग्राम के एक जीसी ग्रुप से जोड़ा था। इसी ग्रुप में श्रवण सेन भी जुड़ा हुआ था। परिवार का आरोप है कि शुरुआत में छात्रा को अश्लील मैसेज भेजे गए। विरोध करने पर उसे लगातार परेशान किया गया। परिवार के मुताबिक, बाद में आरोपी की गर्लफ्रेंड और कुछ अन्य लड़कियां भी छात्रा को परेशान और धमकाने लगीं। छात्रा को अभी भी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से धमकी भरे फोन आने का आरोप परिवार ने लगाया है। पांच आरोपियों के मोबाइल जब्त कोलगवां थाना पुलिस पहले ही श्रवण की गर्लफ्रेंड समेत मारपीट में शामिल चार लड़कियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर चुकी है। अब श्रवण सेन के खिलाफ भी छेड़खानी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, डिलीट डेटा, सोशल मीडिया चैट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य हासिल करने के लिए मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे। परिवार ने पुलिस से धमकी देने वाले मोबाइल नंबरों की भी जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

