छतरपुर जिले के बकस्वाहा स्थित सांदीपनि स्कूल में एक 11 वर्षीय छात्र के साथ शिक्षक द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र कक्षा 5वीं में पढ़ता है। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने छात्र की पिटाई की। फिर उसे स्कूल से बाहर भेज दिया। घर पहुंचने पर बच्चे की पीठ पर चोट के निशान दिखे। छात्र की मां ने बकस्वाहा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह बच्चा स्कूल गया था। लेकिन स्कूल से जल्दी आ गया। मां ने जल्दी घर लौटने का कारण पूछा, तो उसने बताया कि स्कूल में टीचर ने उसके साथ मारपीट की। फिर स्कूल से भगा दिया। घटना के बाद परिजन स्कूल पहुंचे। उन्होंने टीचर से बात की। आरोप है कि इस दौरान शिक्षक ने उनके साथ भी कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। जांच के बाद कार्रवाई करेगी पुलिस मामला सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के बाद चर्चा में आया। विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों पर कथित दबाव बनाकर मामले को खत्म कराने का आरोप लगाया है। पोस्ट में घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। हालांकि, पोस्ट में लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। बकस्वाहा थाना के एसआई अवधेश दुबे ने बताया कि छात्र के परिजनों की ओर से शिकायत मिली है। आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

