पाली जिले में नगर निकाय चुनाव 2026 के नामांकन के पहले दिन 27 अभ्यर्थियों ने 28 आवेदन पत्र जमा किए, लेकिन पाली नगर निगम में एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ। निगम चुनाव के लिए 300 से ज्यादा दावेदार आवेदन पत्र लेने पहुंचे, जिससे साफ है कि अगले दिनों में नामांकन की रफ्तार बढ़ सकती है। जिले में सबसे ज्यादा 15 अभ्यर्थियों ने सुमेरपुर नगर पालिका में 16 आवेदन जमा किए। शुक्रवार को राजकीय अवकाश के कारण नामांकन प्रक्रिया नहीं होगी, अब शनिवार से फिर नामांकन जमा होंगे और 31 अगस्त तक आवेदन लिए जाएंगे। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया – पाली नगर निगम क्षेत्र में किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। वहीं, खुडाला-फालना, बाली और तखतगढ़ नगर पालिका में भी पहले दिन एक भी आवेदन जमा नहीं हुआ। राणावत ने बताया कि सोजतरोड नगर पालिका में 2, सोजत सिटी में 3, सादड़ी में 5 और सुमेरपुर नगर पालिका में 15 अभ्यर्थियों ने 16 नामांकन पत्र दाखिल किए। पाली नगर निगम में आवेदन वितरण काउंटर से 300 से अधिक दावेदार आवेदन पत्र ले गए। पार्षद चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशी 31 अगस्त तक नामांकन जमा करवा सकते हैं। शुक्रवार को छुट्टी, हेल्प डेस्क से सुबह 10 से शाम 6 बजे तक मिलेंगे फॉर्म राणावत ने बताया कि शुक्रवार को राजकीय अवकाश होने के कारण नामांकन जमा करने की प्रक्रिया स्थगित रहेगी। हालांकि, संभावित उम्मीदवारों की सुविधा के लिए नगर निगम में बनाई गई हेल्प डेस्क खुली रहेगी। यहां सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आवेदन पत्र लिए जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्र जमा करने की प्रक्रिया शनिवार से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फिर शुरू होगी।
निर्वाचन व्यवस्था के लिए टीम तैनात रही उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए रिटर्निंग अधिकारी शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम तैनात रही। विशेषाधिकारी कार्यालय निर्वाचन अधिकारी चौधरी बिरजू गोपाल, पाली तहसीलदार सुनील कुमार, उप पंजीयक प्रथम शिवजीराम बावरी, तहसीलदार निर्वाचन नेहा चौधरी, सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, महेन्द्र बैरवा, जयपाल सिंह चौहान, शंकर सिंह राजपुरोहित, कुलदीप जोशी, हिमांशु चतुर्वेदी, ताराचंद सेजू सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

