छतरपुर जिले के जैतुपुरा गांव में बिजली के तार की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गई। 24 वर्षीय रुकमन प्रजापति खेत से लौट रही थीं। तभी उन पर बिजली का तार गिर गया। पत्नी को करंट की चपेट में आया देख 28 वर्षीय पति चंद्रभान प्रजापति उन्हें बचाने पहुंचे। इस दौरान वे भी करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल, छतरपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलने पर मातगुवां थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस शवों का पंचनामा बनाने सहित अन्य कानूनी कार्रवाई कर रही है। फिलहाल बिजली का तार गिरने के कारणों की जांच की जा रही है।

