पंचायती राज चुनाव के तहत उदयपुर जिले में दूसरे चरण की 6 पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब आगे नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी। इस चरण में कुल 96 निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डों) के लिए 371 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें से जांच के बाद 104 नामांकन खारिज कर दिए गए हैं। अब मैदान में कुल 266 वैध उम्मीदवार बचे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि गोगुंदा पंचायत समिति के कुल 19 निर्वाचन क्षेत्रों में सबसे अधिक 79 नामांकन दाखिल हुए, जिनमें से 27 खारिज होने के बाद 52 वैध उम्मीदवार शेष हैं। जिले की कोटड़ा पंचायत समिति में 17 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 66 नामांकन प्राप्त हुए, जिसमें से 17 खारिज होने के बाद 49, देवला के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में 64 नामांकन आए, जिसमें से 20 खारिज होने के बाद 44 तथा बड़गांव के 15 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 52 नामांकन भरे गए, जिनमें से 10 खारिज और 1 निरस्त होने के बाद 41 वैध उम्मीदवार हैं। इसी प्रकार सुलाव में 15 निर्वाचन क्षेत्रों में 52 नामांकन आए, जिनमें से 11 खारिज होने के बाद 41 और सायरा में 15 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 58 नामांकन आए, जिसमें से 19 खारिज होने के बाद 39 वैध उम्मीदवार हैं। 19 अक्टूबर तक ले सकेंगे नाम वापिस अब आगे नाम वापसी की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है। इसके पश्चात अंतिम सूची जारी करते हुए चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। दूसरे चरण का मतदान 28 अक्टूबर को होगा।

