बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव और चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से प्रतापगढ़ में मौसम बदल गया है। गुरुवार सुबह से आसमान में काले बादल छाए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। बारिश की भी संभावना है। एहतियात के तौर पर पुलिस और प्रशासन ने देर रात से गांवों और शहर में लाउडस्पीकर से लोगों को सतर्क करना शुरू किया। लोगों से बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलने और सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की गई है। अपर जिलाधिकारी प्रेमचंद्र मौर्य ने जिले के लोगों से मौसम को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। जारी अलर्ट के मुताबिक, 29 अक्टूबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। प्रतापगढ़ में भी मौसम का असर दिखने की आशंका के चलते लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। संभावित आपदा को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, तेज बारिश से कमजोर इमारतों और ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है। जलभराव और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है। आकाशीय बिजली और तेज हवाओं से पेड़, बिजली के खंभे, कमजोर दीवारें, होर्डिंग और अस्थायी छतें क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। प्रशासन ने मौसम की चेतावनी समय पर लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। लोगों से खराब मौसम में खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने और सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की गई है।

